April 21, 2026

भारत-फिजी रिश्तों को नई ऊंचाई: रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा में ऐतिहासिक साझेदारी

pm-modi-9

फिजी के प्रधानमंत्री सिटीवेनी राबुका अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जलवायु कार्रवाई, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति जैसे कई अहम क्षेत्रों में नए समझौते हुए। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामूहिक कदम उठाने का भी संकल्प जताया।

इस बैठक का सबसे बड़ा संदेश था – “वीलोमनी दोस्ती” यानी मित्रता और करुणा पर आधारित साझेदारी। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री राबुका ने याद दिलाया कि 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की फिजी यात्रा और 2023 में नादी (फिजी) में हुए 12वें विश्व हिंदी सम्मेलन ने दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा भरी थी। नेताओं ने गिरमिटिया भारतीयों के योगदान को भी सम्मान दिया, जिन्होंने फिजी की बहुसांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया।

वार्ता के दौरान आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए भारत और फिजी ने आतंक के हर रूप की निंदा की। हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 निर्दोष नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोनों देशों ने कट्टरपंथ, आतंक के वित्तपोषण और सीमा-पार अपराधों के खिलाफ मिलकर लड़ने का संकल्प दोहराया। वहीं जलवायु और सतत विकास के क्षेत्र में भी साझेदारी को आगे बढ़ाया गया। फिजी ने भारत के मिशन लाइफ और ब्लू पैसिफिक स्ट्रैटेजी 2050 का समर्थन किया और ISA के तहत STAR सेंटर खोलने का ऐलान किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत ने कई बड़े ऐलान किए। प्रधानमंत्री मोदी ने फिजी की राजधानी सुवा में 100 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की घोषणा की, जो प्रशांत क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा ग्रांट-इन-एड प्रोजेक्ट होगा। इसके अलावा फिजी में जन औषधि केंद्र शुरू किए जाएंगे और ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य नेटवर्क जोड़ा जाएगा। भारत ने Heal in India कार्यक्रम के तहत फिजी के 10 नागरिकों का मुफ्त इलाज कराने की भी घोषणा की।

कृषि और खाद्य सुरक्षा को लेकर भारत ने फिजी को उच्च गुणवत्ता वाले लोबिया बीज, 12 कृषि ड्रोन और 2 मोबाइल मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाएं देने का ऐलान किया। रक्षा सहयोग के तहत भारत फिजी की सेना को एम्बुलेंस देगा, साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग सेल स्थापित करेगा और भारतीय नौसेना का जहाज जल्द ही फिजी की यात्रा करेगा। शिक्षा और संस्कृति में भी अहम कदम उठाए गए, जिसमें Migration and Mobility Declaration पर हस्ताक्षर, फिजी यूनिवर्सिटी में हिंदी-संस्कृत शिक्षकों की तैनाती और गीता महोत्सव कार्यक्रम शामिल हैं।

व्यापार और निवेश के क्षेत्र में दोनों देशों ने छोटे उद्योगों और कृषि उत्पादों पर विशेष ध्यान देने का फैसला किया। वहीं, वैश्विक स्तर पर फिजी ने भारत की UNSC सदस्यता उम्मीदवारी का समर्थन किया। अंत में प्रधानमंत्री राबुका ने भारत सरकार और जनता के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया और प्रधानमंत्री मोदी को फिजी आने का निमंत्रण दिया। इस दौरे को भारत और फिजी के रिश्तों में एक ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!