अंबेडकरनगर: जिले में पुलिस प्रशासन की लापरवाही और बढ़ते अपराधों को लेकर एसपी केशव कुमार ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने अलीगंज थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया और उनकी जगह इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करीब 20 दिन पहले हुए लूटकांड के खुलासे में नाकाम रहने के चलते की गई है।
20 दिन पहले किराना व्यापारी से हुई थी लूट
घटना 20 दिन पहले की है जब रात करीब 9:30 बजे टांडा नगर क्षेत्र के एक किराना व्यापारी अनवर को तीन बदमाशों ने टांडा-अकबरपुर मार्ग पर रोक लिया था। पीड़ित के मुताबिक, तमंचे के बल पर बदमाशों ने उसकी स्कूटी और साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का दबाव था।
अब तक नहीं मिला सुराग, एसपी की कार्रवाई से हड़कंप
व्यापारी अनवर ने घटना के बाद तत्काल थाने में केस दर्ज कराया, लेकिन पुलिस अब तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं जुटा पाई। मामले में थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आई और अपराधियों को पकड़ने में नाकामी के चलते एसपी ने राजीव श्रीवास्तव को लाइन हाजिर कर दिया।
अब इस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी नए थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन पर इस लूटकांड को जल्द सुलझाने का दबाव बढ़ गया है, वहीं स्थानीय व्यापारी और आम जनता अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
Share this content:
