PNB में भव्य राजभाषा समारोह का आयोजन: अधिकारियों ने हिंदी में कार्य करने के लिए कर्मचारियों को किया प्रेरित

देश के दूसरे सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, पंजाब नैशनल बैंक के द्वारका स्थित प्रधान कार्यालय में हिंदी माह के उपलक्ष्य में भव्य राजभाषा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने की। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) राघवेन्द्र कुमार, विभिन्न मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक तथा बैंक के विभिन्न अंचलों से आए पुरस्कार विजेता अंचल प्रबंधक विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित शीर्ष अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा बैंकिंग सेवाओं में हिंदी के बढ़ते उपयोग को लेकर बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

समारोह में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र तथा कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने लाला लाजपत राय राजभाषा शील्ड प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बैंक की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’, ‘राजभाषा चित्रकथा’ और ‘डिजिटल लाइब्रेरी’ का भी लोकार्पण किया गया। इन पहलों को बैंक में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने, राजभाषा संबंधी सामग्री को अधिक सुलभ बनाने तथा डिजिटल माध्यमों से हिंदी के प्रसार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रस्तुत किया गया। समारोह में साहित्य और संस्कृति का भी विशेष रंग देखने को मिला। प्रख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल और कवयित्री श्रीमती पद्मिनी शर्मा ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से काव्य संध्या को यादगार बनाया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया।

‘राजभाषा कीर्ति’ पुरस्कार मिलने पर एमडी एवं सीईओ ने दी बधाई

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में पंजाब नैशनल बैंक की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’ और दिल्ली स्थित बैंक नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) को ‘राजभाषा कीर्ति’ के दो प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए बैंक के सभी स्टाफ सदस्यों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि पंजाब नैशनल बैंक राजभाषा के कार्यान्वयन के क्षेत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बैंक अपने ग्राहकों को हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, जिससे बैंकिंग सेवाओं को अधिक सहज और सुलभ बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने राजभाषा के प्रयोग को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा हिंदी में कार्य करने की संस्कृति को और मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।

अधिकारियों ने हिंदी में कार्य करने के लिए कर्मचारियों को किया प्रेरित

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महाप्रबंधक (राजभाषा) विशेष कुमार श्रीवास्तव के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने उपस्थित अतिथियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए राजभाषा समारोह के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया और बैंक के कामकाज में हिंदी के निरंतर उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में राजभाषा के क्षेत्र में पंजाब नैशनल बैंक की उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बैंक द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार और राजभाषा कार्यान्वयन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। समारोह ने बैंक में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कर्मचारियों को राजभाषा में कार्य करने के लिए प्रेरित करने तथा बैंकिंग सेवाओं में हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Share this content:

About The Author

You may have missed