May 2, 2026

सलमान खान की ‘वीर’: 20 साल में बनी फिल्म, 63 करोड़ का बजट, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप

सलमान खान की फिल्मों का जब भी जिक्र होता है, तो कई ब्लॉकबस्टर याद आ जाती हैं, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी हैं जिनसे खुद सलमान को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन वो बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गईं। ऐसी ही एक फिल्म थी ‘वीर’, जिसे बनाने में करीब 20 साल लग गए, लेकिन जब यह सिनेमाघरों में पहुंची तो दर्शकों ने इसे सिरे से नकार दिया।

यह फिल्म साल 2010 में रिलीज़ हुई थी और इसमें सलमान खान ने कटरीना कैफ की हमशक्ल मानी जाने वाली जरीन खान को लॉन्च किया था। फिल्म में सलमान के साथ मिथुन चक्रवर्ती, सोहेल खान और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े सितारे भी थे। फिल्म की स्क्रिप्ट खुद सलमान ने दो दशक पहले लिखी थी, लेकिन इसे पूरा करने में लंबा वक्त लग गया।

63 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म से सलमान को बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन रिलीज के बाद यह फिल्म महज 46 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। जरीन खान को भी अपने करियर की शुरुआत में ही एक फ्लॉप का सामना करना पड़ा।

फिल्म की कहानी एक पीरियड ड्रामा थी जिसमें सलमान डबल रोल में नजर आए थे—एक पिता और फिर उसके बेटे के रूप में। हालांकि, दर्शकों को यह ट्विस्ट बिल्कुल पसंद नहीं आया। खासकर जब फिल्म के अंत में सलमान खुद ही अपने बेटे के किरदार में लौटते हैं, तो फैन्स को यह बेमेल और खिंचाव भरा लगा।

आज जब सलमान अपनी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के लिए तैयारी कर रहे हैं, ‘वीर’ जैसी फ्लॉप फिल्म उनके करियर के उन अध्यायों में शुमार है जो बताता है कि स्टारडम होने के बावजूद हर फिल्म हिट नहीं होती। ‘वीर’ सलमान की उन महत्वाकांक्षी फिल्मों में रही, जिसने बनने में दशकों लगाए, लेकिन दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम रही।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!