May 2, 2026

रणवीर सिंह की ‘डॉन 3’ पर संकट के बादल, मेकर्स ले सकते हैं फिल्म बंद करने का फैसला!

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ एक बार फिर मुश्किलों में घिरती दिख रही है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही लगातार किसी न किसी वजह से इसकी शूटिंग टलती रही है और अब खबर आ रही है कि मेकर्स इस प्रोजेक्ट को फिलहाल स्थगित या संभवतः बंद भी कर सकते हैं। रणवीर इस समय अपनी दूसरी फिल्म ‘धुरंधर’ की तैयारियों में जुटे हैं, जो 5 दिसंबर को रिलीज़ हो रही है और शाहिद कपूर की फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर टकराने जा रही है।

‘डॉन 3’ का काम अगस्त 2023 में शुरू होने वाला था, लेकिन शेड्यूल खिसकाकर पहले जनवरी 2025 और फिर मई-जून 2025 कर दिया गया। फरहान अख्तर ने अपनी फिल्म ‘बहादुर 120’ को प्राथमिकता देते हुए डॉन 3 को फिर टाल दिया। इस बीच, सितंबर से शूटिंग की नई तैयारी चल रही थी, लेकिन विक्रांत मैसी के फिल्म से बाहर होने की खबर से बड़ा झटका लगा।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म से जुड़े कुछ और तकनीकी और क्रिएटिव मुद्दों के चलते अब मेकर्स इस प्रोजेक्ट को अगले साल के लिए पोस्टपोन करने पर विचार कर रहे हैं। यहां तक कि इसे डिब्बाबंद करने की भी संभावना जताई जा रही है। रणवीर सिंह को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है, जिससे उनके फैन्स को भी निराशा हो सकती है।

फिल्म की कास्टिंग भी लगातार संकट में रही है। पहले कियारा आडवाणी प्रेग्नेंसी के कारण फिल्म से अलग हो चुकी हैं, फिर उनकी जगह कृति सेनन के नाम की चर्चा हुई, लेकिन अब वह भी फाइनल नहीं हो पाई हैं। वहीं विक्रांत मैसी, जो विलेन का रोल निभाने वाले थे, उन्होंने भी अब इस फिल्म से दूरी बना ली है।

फिलहाल मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन लगातार आ रही खबरें यह इशारा कर रही हैं कि ‘डॉन 3’ की राह आसान नहीं है। रणवीर सिंह के फैंस को अब मेकर्स के अगले कदम का इंतज़ार है कि क्या यह मेगा बजट फिल्म आगे बढ़ेगी या आखिरकार ठंडे बस्ते में चली जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!