BJP सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश, सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का लगाया आरोप, प्रदेश में नहीं मिल रहा न्याय
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की सरकारी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। पुलिस निष्पक्ष होकर काम करने के बजाय भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रही है। प्रदेश में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है और मुख्यमंत्री खुद न्याय नहीं होने देना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
लखनऊ में सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के काफिले से लखनऊ के अर्जुनगंज में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई थी, तब कितने लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने गोरखपुर में टक्कर लगने से हाथी की मौत के मामले में भी सवाल उठाया कि आखिर किसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को दुर्घटनाओं के मामलों में एक समान कानून और कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार राजनीतिक भेदभाव के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
अब तक कौन-सा मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 27 हजार लोगों की मौत हुई। देश में दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों के मामलों में 44 प्रतिशत वृद्धि हुई है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब तक कौन-सा मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। हर साल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार यह बताने को तैयार नहीं है कि इन हादसों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कितने मामलों में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के मामले में भारत 170 देशों से आगे है, इसके बावजूद सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कानपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली के दौरान एक सिपाही की मौत और ललितपुर में मंत्री के काफिले से बच्चे की जान जाने की घटनाओं का भी जिक्र किया। अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल किया कि इन सभी घटनाओं में कितने लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने में तेजी दिखाती है, लेकिन सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के मामलों में अलग रवैया अपनाया जाता है। यह दोहरा मापदंड लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
भाजपा को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के जनादेश पर भरोसा नहीं है: सपा
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर राजनीतिक रूप से घबराए होने का आरोप लगाते हुए कहा कि गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में यदि बेईमानी नहीं हुई होती तो भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के जनादेश पर भरोसा नहीं है। इसी वजह से वह सत्ता और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विपक्ष की आवाज दबाने और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
बुनकर समाज अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी: अखिलेश
अखिलेश यादव ने किसानों और बुनकरों के हितों को समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों और बुनकरों की हर स्तर पर मदद की जाएगी। बुनकर भाइयों को पहले की तरह फिक्स रेट पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार की बेहतर व्यवस्था की जाएगी और कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही बुनकर परिवारों को अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बुनकर समाज अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है। बुनकर न केवल बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार देते हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इनके हितों की रक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Share this content:
