खुद पर संदेह करना’ – वानखेड़े में चमके रोहित शर्मा ने बताया फॉर्म में वापसी का राज
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा ने जबरदस्त प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा। मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच 20 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसमें मुंबई ने 9 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत में रोहित की नाबाद 75 रन की पारी निर्णायक साबित हुई, जिसमें उन्होंने 46 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्के लगाए। खराब फॉर्म से गुजर रहे रोहित के लिए यह पारी बेहद अहम रही और उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत में रोहित ने अपनी फॉर्म में वापसी का मंत्र साझा किया। उन्होंने कहा कि जब आप लंबे समय तक रन नहीं बना पाते हैं तो अपने ऊपर शक करना और चीजों को जटिल बना देना आसान हो जाता है, लेकिन उन्होंने कोशिश की कि वह खुद को सरल रखें और स्पष्ट मानसिकता के साथ खेलें। उन्होंने कहा कि वह इसी सोच के साथ मैदान पर उतरे थे कि अगर गेंद उनके खेलने के दायरे में आती है तो उस पर बड़ा शॉट जरूर खेलेंगे।
इसके अलावा रोहित ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अपनी भूमिका को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि वो सीधे बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाएं या नहीं। हालांकि, उन्होंने माना कि बिना फील्डिंग किए बल्लेबाजी करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन टीम की जरूरत के हिसाब से वह हमेशा तैयार रहते हैं।
पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि मुंबई इंडियंस की टीम सही समय पर फॉर्म में लौट रही है और उन्होंने लगातार तीन मुकाबले जीतकर लय पकड़ी है। उनकी कोशिश यही रहेगी कि आने वाले मैचों में भी टीम इसी फॉर्म को बनाए रखे और जीत का सिलसिला जारी रखे। बता दें कि इस पारी से पहले रोहित शर्मा ने 6 मैचों में कुल 82 रन ही बनाए थे, लेकिन अब उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए अपनी क्लास दिखा दी है
Share this content:
