CSK के खिलाफ धमाकेदार पारी से रोहित शर्मा ने तोड़ा वॉर्नर का रिकॉर्ड, विराट और धवन से रह गए पीछे
मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रविवार को नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेलकर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि इस दौरान कई अहम रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। इस मैच में रोहित ने 45 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से यह पारी खेली। उनके बल्ले से निकली 10 बाउंड्री के साथ वह अब आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा के अब आईपीएल में कुल 901 बाउंड्री हो गई हैं, जिससे उन्होंने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 899 बाउंड्री दर्ज हैं।
बाउंड्री के मामले में रोहित से आगे अब सिर्फ दो बल्लेबाज हैं – शिखर धवन (920 बाउंड्री) और विराट कोहली (1015 बाउंड्री)। इसके अलावा, रोहित ने इस मैच में छह छक्के भी लगाए, और आईपीएल करियर में यह दूसरा मौका था जब उन्होंने एक पारी में छह या उससे ज्यादा छक्के लगाए। ये पारी उनके इस सीजन की पहली बड़ी पारी भी रही, क्योंकि इससे पहले रोहित ने छह मैचों में सिर्फ 82 रन बनाए थे और एक भी अर्धशतक नहीं लगाया था।
इस पारी के साथ रोहित शर्मा ने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी छलांग लगाई है। अब उनके नाम 6786 रन दर्ज हो गए हैं और उन्होंने शिखर धवन (6769 रन) को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। रोहित से आगे अब सिर्फ विराट कोहली हैं, जिनके नाम 8326 रन हैं। चेन्नई के खिलाफ इस शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित का आत्मविश्वास निश्चित तौर पर बढ़ा होगा और मुंबई इंडियंस को भी आने वाले मैचों में उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
Share this content:
