‘केसरी चैप्टर 2’ ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर तहलका, पहले वीकेंड में कमाए 44.65 करोड़
अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। इस फिल्म को ना सिर्फ भारत में, बल्कि दुनियाभर में सराहना मिली है। करण त्यागी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और पहले ही वीकेंड में इसने 44.65 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की कहानी 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड पर आधारित है, जिसमें अक्षय कुमार ने एडवोकेट सी. शंकरन नायर की भूमिका निभाई है। फिल्म में उनके साथ अनन्या पांडे और आर. माधवन भी मुख्य किरदारों में नजर आए हैं।
विदेशों में भी फिल्म को बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला है। खासकर ऑस्ट्रेलिया में इसे 69 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया, जहां इसने 2,71,696 ऑस्ट्रेलियन डॉलर का कारोबार किया। इसके अलावा जर्मनी, मलेशिया, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों में भी दर्शकों ने फिल्म को पसंद किया है। हालांकि अमेरिका में यह फिल्म रिलीज नहीं हुई है। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने कुल 9.39 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जो एक मजबूत शुरुआत मानी जा रही है।
भारत में ‘केसरी चैप्टर 2’ ने अब तक 32 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 29.62 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। जिस तेजी से फिल्म कमाई कर रही है, उसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है। अक्षय कुमार की ये फिल्म न सिर्फ दर्शकों की भावनाओं से जुड़ने में सफल रही है, बल्कि समीक्षकों से भी इसे तारीफें मिल रही हैं। सोशल मैसेज और ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित अक्षय की फिल्मों का खास आकर्षण रहा है, और ‘केसरी चैप्टर 2’ उसी श्रेणी की एक और सफल कोशिश साबित हो रही है।
Share this content:
