April 17, 2026

पीएम के दौरे पर तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर वार, मंत्री की बर्खास्तगी और FIR की उठाई मांग

बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री जिबेश मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मंत्री ने एक पत्रकार से बदसलूकी और मारपीट की है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे मंत्री को बर्खास्त किया जाएगा और क्या उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी?

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि जिबेश मिश्रा पहले भी एक फर्जी ड्रग मामले में दोषी पाए जा चुके हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि जब मंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र में दौरे पर थे, तो एक पिछड़े वर्ग से आने वाले पत्रकार ने उनसे सड़कों की हालत पर सवाल किया। इस पर मंत्री ने उस पत्रकार के साथ मारपीट की और गाली-गलौज भी की। तेजस्वी ने कहा कि मंत्री रहते हुए ऐसा अपराध असहनीय है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रधानमंत्री के दौरे के संदर्भ में तेजस्वी ने कहा कि पीएम मोदी आज बिहार आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या पीएम इस पत्रकार को न्याय दिलाएंगे? क्या नीतीश सरकार मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी? उन्होंने कहा कि सिर्फ एफआईआर ही नहीं बल्कि बर्खास्तगी और कठोर सजा होनी चाहिए ताकि यह संदेश जाए कि सत्ता में बैठे लोग अपराध करके बच नहीं सकते।

तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को भी सीधे तौर पर घेरा। उन्होंने कहा कि बिहार में अराजकता फैली हुई है और सीएम को इस बात की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पीएम से सवाल किया कि क्या वह बिहार की जर्जर सड़कें, बदहाल स्वास्थ्य केंद्र, पलायन और बेरोजगारी की समस्या देखेंगे या फिर केवल चुनावी जुमले ही देंगे।

आरजेडी नेता ने आगे कहा कि पीएम की एक रैली से बिहार पर 100 करोड़ रुपये का बोझ पड़ता है। अगर यह पैसा विकास कार्यों में लगाया जाता तो राज्य के स्कूलों, खेल मैदानों और लड़कियों के लिए शौचालय का निर्माण हो सकता था। उन्होंने पीएम मोदी पर पुराने वादे भूलने का आरोप लगाते हुए कहा कि 11 साल पहले उन्होंने पूर्णिया से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। तेजस्वी ने तीखे शब्दों में कहा कि बिहारवासी अब झूठ और जुमलों से गुमराह नहीं होंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!