अन्य धर्मों में उन्हें बेबी या बीवी… रामभद्राचार्य ने अब महिलाओं पर क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के मेरठ के विक्टोरिया पार्क में चल रही रामकथा के दौरान जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। 8 सितंबर से जारी इस कथा में उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था और अन्य धर्मों की परंपराओं पर टिप्पणी की। स्वामी ने कहा कि केवल हिंदू धर्म ही ऐसा है, जहां महिलाओं को देवी के रूप में सम्मान दिया जाता है। इसके विपरीत अन्य धर्मों में महिलाओं को ‘बेबी’ या ‘बीवी’ कहकर पुकारा जाता है।

रामभद्राचार्य ने इस्लाम धर्म पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने दावा किया कि इस्लाम में एक महिला से कई बच्चों को जन्म देने और फिर तलाक-तलाक कहकर छोड़ देने जैसी घटनाएं होती हैं। इसके विपरीत हिंदू परंपरा में मां को पिता से भी बड़ा दर्जा दिया जाता है और महिलाओं को समाज में ऊंचा स्थान मिलता है। उनके इस बयान ने मौके पर मौजूद श्रोताओं को भी बांधे रखा, लेकिन इसके चलते एक नया विवाद खड़ा हो गया।

स्वामी ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कॉन्वेंट स्कूलों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों की बजाय संस्कारी शिक्षा देने वाले सरस्वती विद्यालयों में पढ़ाना चाहिए। उनका मानना है कि बच्चों की संख्या तीन तक सीमित हो, चाहे वे बेटे हों या बेटियां, लेकिन उन्हें संस्कारों से जोड़ना सबसे आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक मूल्यों को जोड़ने की भी अपील की।

महिलाओं के आरक्षण पर बोलते हुए रामभद्राचार्य ने कहा कि संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना स्वागत योग्य है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों से अधिक अधिकार मिलने चाहिए, क्योंकि समाज में उनके योगदान को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया गया है। स्वामी ने जोर दिया कि महिलाओं को ऊंचा दर्जा देने की परंपरा सिर्फ हिंदू धर्म से ही शुरू हुई है।

यह पहली बार नहीं है जब रामभद्राचार्य अपने बयानों से विवादों में आए हों। हाल ही में उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को ‘मिनी पाकिस्तान’ कहकर भी बहस छेड़ी थी। अब रामकथा में महिलाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए उनके इन ताजा बयानों ने एक बार फिर से चर्चा का माहौल गरमा दिया है। उनके विचारों पर जहां कुछ लोग सहमति जता रहे हैं, वहीं कई लोग इन्हें विवादास्पद करार दे रहे हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed