April 17, 2026

मुरादाबाद: सांसद रुचि वीरा की बिना हेलमेट सवारी का वीडियो वायरल, उठे सवाल—क्या होगी कार्रवाई?

मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा एक नए विवाद में फंस गई हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे बिना हेलमेट स्कूटी की सवारी करती दिखाई दे रही हैं। खास बात यह है कि स्कूटी चलाने वाला युवक भी बिना हेलमेट नजर आ रहा है। ट्रैफिक नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले इस वीडियो ने जनप्रतिनिधियों के जिम्मेदारी निभाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘रुचि वीरा फैंस’ नामक पेज से पोस्ट किया गया है। इसमें सांसद हरथला इलाके के दौरे पर दिख रही हैं। वीडियो को रील फॉर्मेट में बैकग्राउंड म्यूजिक और कैप्शन के साथ अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, रिकॉर्डिंग की सही तारीख और लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि ऐसे फैन पेज अक्सर सांसद के दौरों और गतिविधियों से जुड़े क्लिप शेयर करते रहते हैं।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई यूजर्स ने सवाल किया कि जब खुद सांसद और जनप्रतिनिधि ही नियमों को तोड़ेंगे तो आम जनता कैसे ट्रैफिक कानूनों का पालन करेगी। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि नेताओं का आचरण जनता के लिए मिसाल होना चाहिए, लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले पर कोई कार्रवाई करता है या नहीं।

गौरतलब है कि ट्रैफिक नियमों के अनुसार दोपहिया वाहन पर सवार हर व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियम तोड़ने पर चालान और जुर्माने का प्रावधान है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सांसद पर भी वही कार्रवाई होगी जो आम जनता के लिए की जाती है, या यह मामला सिर्फ चर्चा तक ही सीमित रह जाएगा। अभी तक खुद रुचि वीरा की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

सपा सांसद रुचि वीरा का राजनीतिक सफर भी खासा चर्चित रहा है। वे मूल रूप से बिजनौर की रहने वाली हैं और पहले वहां से विधायक भी रह चुकी हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उन्हें मुरादाबाद से टिकट दिया था, जहां उन्होंने जीत हासिल की। रुचि वीरा को सपा के वरिष्ठ नेता आज़म खान का करीबी माना जाता है। अब उनके इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!