मसूद अजहर पर बोले बिलावल भुट्टो – “ठिकाना नहीं पता, भारत सबूत दे तो करेंगे गिरफ्तार”
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक बार फिर विवादित बयान देकर सुर्खियां बटोरी हैं। इस बार उन्होंने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना और वांछित आतंकी मसूद अजहर को लेकर सफाई दी है। अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान को नहीं पता कि मसूद अजहर कहां है, लेकिन हो सकता है कि वह अफगानिस्तान में छिपा हो।
बिलावल भुट्टो ने दावा किया कि भारत ने अभी तक अजहर के पाकिस्तान में मौजूद होने का कोई पुख्ता सबूत नहीं दिया है। अगर भारत सबूत देता है कि अजहर पाकिस्तान में है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नाटो जैसी ताकतें अफगानिस्तान में उसे नहीं पकड़ सकीं, तो पाकिस्तान से यह उम्मीद रखना व्यावहारिक नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इसी दौरान मसूद अजहर के 10 परिजन मारे गए थे, जिसके बाद अजहर का एक भावुक संदेश भी सामने आया था।
मसूद अजहर की गिनती भारत के सबसे खतरनाक दुश्मनों में होती है। 1968 में पाकिस्तान के बहावलपुर में जन्मा यह आतंकी कराची की जामिया उलूम अल-इस्लामिया में पढ़ा था और यहीं से कट्टरपंथ की ओर बढ़ा। वह 2019 के पुलवामा हमले का मुख्य साजिशकर्ता रहा है, जिसमें 40 से ज्यादा सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे।
बिलावल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार पाकिस्तान पर आतंकियों को शरण देने के आरोप लगा रहा है। लेकिन पाकिस्तान अब भी इन आरोपों से बचता नजर आता है और जिम्मेदारी को टालने की कोशिश करता दिख रहा है।
Share this content:
