अर्जेंटीना पहुंचे पीएम मोदी, 57 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला द्विपक्षीय दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के तीसरे चरण में शुक्रवार शाम अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंचे, जहां एजेइजा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। यह 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का अर्जेंटीना का पहला द्विपक्षीय दौरा है। इससे पहले वे 2018 में G20 शिखर सम्मेलन के लिए अर्जेंटीना आए थे, लेकिन यह दौरा द्विपक्षीय साझेदारी को लेकर कहीं अधिक अहम माना जा रहा है।
पीएम मोदी इस दौरे में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ मुलाकात करेंगे। इस बातचीत में रक्षा, कृषि, खनन, ऊर्जा, व्यापार और निवेश जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने पर ज़ोर रहेगा। विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को भारत-अर्जेंटीना के बीच “बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को गहराई देने वाला” बताया है।
अर्जेंटीना रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि लैटिन अमेरिका में अर्जेंटीना भारत का अहम आर्थिक साझेदार और G20 में एक करीबी सहयोगी है। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति माइली के साथ कृषि, खनिज, तकनीक, पर्यटन और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए आयाम तलाशने को लेकर उत्साहित हैं।
इससे पहले पीएम मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे पर थे, जहां उन्होंने छह द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए और उन्हें वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद और टोबैगो’ से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान किसी विदेशी नेता को पहली बार दिया गया।
अब अर्जेंटीना से आगे प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील की ओर रवाना होंगे, जहां वे 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और राजकीय यात्रा भी करेंगे। उनका अंतिम पड़ाव अफ्रीकी देश नामीबिया होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अर्जेंटीना दौरे के दौरान लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों पर भी बातचीत की संभावना है, जिससे भारत अपनी खनिज आपूर्ति में चीन पर निर्भरता घटा सके। इस दौरे के जरिए भारत-अर्जेंटीना के रिश्तों को नई ऊंचाई तो मिलेगी ही, साथ ही वैश्विक मंच पर भारत की आर्थिक और कूटनीतिक स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है।
Share this content:
