अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान: 2027 में सपा बनाएगी सरकार, 26 नवंबर को जारी होगा घोषणा पत्र, रामराज ही समाजवाद है

लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिलेश यादव ने विजयदशमी के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयदशमी अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि बुराई को अच्छाई से हराकर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश से इस बदलाव की शुरुआत करेगी, क्योंकि उत्तर प्रदेश ही देश को बचाएगा। प्रदेश का आगामी चुनाव केवल सरकार बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की जनता पर है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा का सफाया होना तय है और जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है।

अखिलेश यादव लखनऊ में सपा मुख्यालय के सभागार में बड़ी संख्या में जुटे पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी 26 नवंबर 2026 को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार से परेशान है और बदलाव चाहती है। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में न्याय, सामाजिक सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए काम करेगी।

भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर: अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में समाज का हर वर्ग परेशान है। लोग दुखी, पीड़ित और अपमानित महसूस कर रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लूट और अन्याय चरम पर हैं, जबकि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा और भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए झूठा प्रचार कर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने में जुटी है। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

पीडीए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए ने संविधान को बचाने का काम किया है और संविधान की रक्षा के लिए पीडीए के लोग अपने प्राण तक देने को तैयार हैं। संविधान की रक्षा करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता लोकतंत्र को मजबूत करेगी। भाजपा पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण को समाप्त करने की मंशा रखने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है और जनहित के मुद्दों से दूर भागती है। सत्ता में बने रहने के लिए समाज में नफरत फैलाना और लोगों को बांटना भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने पीडीए के लोगों से अपील की कि वे भाजपा की ऐसी कथित चालों और षड्यंत्रों से सतर्क रहें तथा संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करें।

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में जनविद्रोह और अशांति देखने को मिल रही है, जबकि युवा अपने हक और अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। भारत में भी लोकतंत्र और मतदाता सूची में नाम बचाने की लड़ाई चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बूथ स्तर तक गड़बड़ियां हो रही हैं और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर वोट चोरी के आरोप लग रहे हैं, लेकिन भाजपा इन आरोपों का बचाव कर रही है। उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों एक जैसे दिखाई देते हैं। एसआईआर को लेकर भी उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। अखिलेश यादव के मुताबिक, पीडीए प्रहरियों ने बूथ स्तर पर कई गलतियां पकड़ी हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।

‘रामराज ही समाजवाद है’, नफरत की राजनीति पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि सभी को यह समझना चाहिए कि रामराज और समाजवाद के मूल विचार एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने असली और नकली सनातनी के बीच लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि नफरत फैलाने वाले लोग नकली सनातनी हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से 24 अक्टूबर 2026 को अपने-अपने बूथ पर विशेष निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नए वोट बनवाने और गलत तरीके से वोट कटवाने की गतिविधियों पर पैनी नजर रखनी होगी। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।

सामाजिक न्याय और कानून के राज की स्थापना का संकल्प

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति का उद्देश्य किसी को दुख, पीड़ा या अपमान देना नहीं है। सभी लोगों के साथ अपनापन और सम्मान का भाव रखा जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कानून के राज के साथ-साथ सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प लेने की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इस बार कोई साजिश या षड्यंत्र करके जनता की आवाज को दबाने में सफल नहीं होगी। जनता भाजपा सरकार को हटाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के हर वर्ग को न्याय, हक और सम्मान मिलेगा।

काकरोच जनता पार्टी के नेताओं की रिहाई की मांग

अखिलेश यादव ने काकरोच जनता पार्टी के तिहाड़ जेल में बंद नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई की भी मांग की। उन्होंने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और राजनीतिक संघर्ष के मुद्दों को उठाते हुए पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Share this content:

About The Author

You may have missed