प्रतापगढ़ में दुर्गा पूजा पंडाल पर हमला, प्रतिमा क्षतिग्रस्त; पांच आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के दहेंगरी जमालपुर गांव में बीते शुक्रवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरती के बाद तेज साउंड बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। इस दौरान देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने, पूजा स्थल पर रखे सामान को तोड़ने और पंडाल में मौजूद एक युवती से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के विरोध करने पर दूसरे समुदाय की महिलाओं द्वारा घरों की छतों से ईंट-पत्थर फेंके जाने की भी बात सामने आई है। सूचना मिलने पर यूपी-112 की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरती के बाद तेज धुन पर नाच रहे थे बच्चे, साउंड कम करने को लेकर विवाद

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के दहेंगरी जमालपुर गांव में स्थापित नवदुर्गा पूजा पंडाल में शुक्रवार रात करीब नौ बजे आरती संपन्न होने के बाद बच्चे तेज धुन पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान पंडाल में प्रसाद वितरण भी किया जा रहा था। आरोप है कि तभी मोहल्ले के दूसरे समुदाय के कुछ लोग वहां पहुंचे और साउंड की आवाज कम करने के लिए कहने लगे। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, नवग्रह की सजाई गई चौकी पलट दी गई और कलश तोड़ दिया गया। इसके अलावा साउंड बॉक्स और पास में खड़े ई-रिक्शा को भी नुकसान पहुंचाया गया। पंडाल में मौजूद एक युवती के साथ अभद्रता करने और उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

विरोध करने पर छतों से फेंके ईंट-पत्थर, कई लोग घायल

घटना के दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष की महिलाओं ने घरों की छतों से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर यूपी-112 की पुलिस पहुंची, लेकिन शिकायत के मुताबिक पुलिस के सामने भी पथराव जारी रहा। इसके बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह और सीओ शिवनारायण वैश अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई। मारपीट और पथराव में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाकांकर भेजा। घटना के बाद पूजा पंडाल में क्षतिग्रस्त हुई प्रतिमा की मरम्मत कराने के लिए रात में ही कारीगर बुलाए गए, जिसके बाद प्रतिमा को दुरुस्त कराया गया।

छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा, पांच गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, अंकित मिश्रा की तहरीर पर असगर अली, अफजल अली, अफसर अली, हैदर अली, सरवर अली और फैजान अली के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा आरोपितों के घर की महिलाओं के खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए असगर अली, अफजल अली, अफसर अली, हैदर अली और सरवर अली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फैजान अली मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस की टीमें क्षेत्र में मोबाइल गश्त कर रही हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नौ घायलों में पांच की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

पूजा पंडाल में हुई मारपीट और पथराव की घटना में नौ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में राम अभिलाष के बेटे संतोष कुमार मिश्रा और मनोज कुमार मिश्रा, संदीप मिश्रा की पत्नी सरिता मिश्रा, रामचंद्र के बेटे सत्यम सरोज, राजेंद्र शर्मा के बेटे लकी शर्मा, घुरहा सरोज के बेटे मुन्ना सरोज, मुन्ना सरोज की पत्नी मनकी सरोज और बेटी ममता सरोज तथा गिरधारी पटेल की पत्नी बसंती पटेल शामिल हैं। सभी घायलों को पुलिस सीएचसी कालाकांकर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। इनमें संतोष मिश्रा, मनोज मिश्रा, सरिता मिश्रा, मनकी सरोज और ममता सरोज की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, मारपीट के दौरान आरोपियों को भी चोटें आने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this content:

About The Author

You may have missed