पंजाब: बाढ़ के बाद बीमारियों से बचाव के लिए ‘हर घर डॉक्टर’ अभियान शुरू, खुद निगरानी कर रहे CM मान
पंजाब में बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन असली चुनौती अब शुरू हुई है—बीमारियों पर काबू पाने की। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूरे राज्य में ‘हर घर डॉक्टर पहुंचाने का अभियान’ शुरू किया है। इस विशेष स्वास्थ्य मिशन की खासियत यह है कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरी सरकार, विधायक, कैबिनेट मंत्री, पार्टी कार्यकर्ता और वॉलंटियर मैदान में दिखाई दे रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री इसकी निगरानी कर रहे हैं।
यह अभियान 14 सितंबर से शुरू हुआ और 2303 बाढ़ प्रभावित गांवों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों तक सेहत सेवाएं सीधे उनके घर के दरवाजे तक पहुंचाई जा रही हैं। जहां पहले ग्रामीणों को दवाइयों और जांच के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ खुद उनके गांव-गांव पहुंच रहे हैं। हर परिवार को दवाओं की किट दी जा रही है, जिसमें बुखार, संक्रमण और डायरिया जैसी आम बीमारियों के लिए दवाएं उपलब्ध हैं।
सरकार ने उन इलाकों को भी नजरअंदाज नहीं किया है जहां अस्पताल या हेल्थ सेंटर मौजूद नहीं हैं। वहां स्कूल, पंचायत भवन और आंगनवाड़ी केंद्रों को अस्थायी मेडिकल सेंटर में बदला गया है। आशा वर्कर घर-घर जाकर लोगों की सेहत का हाल जान रही हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टरों से संपर्क करा रही हैं। सरकार का वादा है कि 20 सितंबर तक कोई भी परिवार बिना स्वास्थ्य जांच और दवा के न रहे। इसके लिए रविवार को भी बिना रुके हेल्थ कैंप लगाए जा रहे हैं।
बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है। अगले 21 दिनों तक हर गांव में लगातार फॉगिंग होगी ताकि मच्छरों से फैलने वाले डेंगू और मलेरिया पर काबू पाया जा सके। 550 से ज्यादा एंबुलेंस तैनात की गई हैं और 85 प्रकार की दवाओं के साथ 23 मेडिकल उपकरणों का भंडारण पहले से सुनिश्चित किया गया है। हर ब्लॉक के मेडिकल ऑफिसर को जिम्मेदारी दी गई है और उनकी रोजाना रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज की जा रही है।
यह अभियान केवल एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर माना जा रहा है। मुख्यमंत्री मान और उनकी पूरी टीम का संदेश साफ है—सरकार जनता के साथ खड़ी है। यही कारण है कि पंजाब के लोग भी खुलकर कह रहे हैं कि यह सिर्फ राहत कार्य नहीं, बल्कि भरोसा और सेवा का उदाहरण है। जनता का कहना है कि यह पहली बार है जब सरकार आदेश देने की बजाय खुद हर गली, हर घर तक पहुंच रही है।
Share this content:
