Mirai: 3 दिनों में HIT हुई ‘मिराय’, भगवान राम के किरदार से उठा पर्दा
साउथ की फिल्मों का जलवा एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है। छोटे बजट में बनीं फिल्में इस साल बड़ी फिल्मों को पछाड़ रही हैं। पहले कल्याणी की ‘लोका’ और अब तेजा सज्जा की ‘मिराय’ ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। रिलीज के तीन दिन के भीतर ही यह फिल्म दुनियाभर से 81 करोड़ रुपये कमा चुकी है। सुपरहीरो-एक्शन ड्रामा पर आधारित इस फिल्म में दर्शकों को सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात की थी कि आखिर भगवान राम का किरदार किसने निभाया है। अब इसका खुलासा हो गया है।
‘मिराय’ के एक्टर्स हाल ही में ‘द कपिल शर्मा शो’ में पहुंचे थे, जहां तेजा सज्जा, श्रेया सरन और जगपति बाबू ने फिल्म से जुड़ी कई बातें साझा कीं। बातचीत के दौरान यह सामने आया कि तेजा सज्जा ने फिल्म के सारे स्टंट खुद किए हैं, बिना किसी बॉडी डबल के। उनकी फीस करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। दर्शकों को फिल्म का क्लाइमैक्स काफी प्रभावित कर रहा है, जिसमें भगवान राम की झलक दिखाई गई है।
रिलीज से पहले ऐसी अटकलें थीं कि प्रभास या राम चरण जैसे बड़े स्टार फिल्म में भगवान राम का रोल करेंगे। लेकिन असल में यह किरदार निभाया है गौरव बोरा ने। गौरव देहरादून के रहने वाले हैं और उन्होंने मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई करने के बाद थिएटर ज्वाइन किया। दिल्ली में पांच साल तक उन्होंने कई हिंदी नाटकों में अभिनय किया और धीरे-धीरे टीवी शो, शॉर्ट फिल्म्स और विज्ञापनों के जरिए एक्टिंग करियर को आगे बढ़ाया। ‘मिराय’ में भले ही उनका स्क्रीन टाइम महज 2 मिनट का रहा हो, लेकिन भगवान राम के किरदार में उनका लुक और अदाकारी दर्शकों को खूब पसंद आई।
फिल्म को कार्तिक घट्टामनेनी ने डायरेक्ट किया है। इसका बजट 60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। शुरुआती तीन दिनों में ही इसने लागत का बड़ा हिस्सा निकाल लिया है और अब यह भारत में भी जल्द 50 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली है। दर्शकों का मानना है कि ‘हनुमान’ की तरह ‘मिराय’ भी लंबी रेस की घोड़ी साबित होगी।
Share this content:
