Karan Johar: ऐश्वर्या राय के बाद अब करण जौहर ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, क्या है प्रोड्यूसर की मांग?
बॉलीवुड प्रोड्यूसर और डायरेक्टर करण जौहर ने भी अब अपने पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाया है। ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन के बाद करण ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि उनकी पहचान, आवाज और तस्वीर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उनकी लोकप्रियता और छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
करण जौहर की तरफ से दायर की गई याचिका में कहा गया है कि उन्हें यह अधिकार है कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी उनके नाम, चेहरे, आवाज या पॉपुलैरिटी का इस्तेमाल न करे। उनके वकील राजशेखर राव ने कोर्ट में दलील दी कि कई प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइट्स करण जौहर के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर अपने प्रोडक्ट्स को बेच रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और अवैध है।
करण ने अदालत से यह भी मांग की है कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर तुरंत रोक लगाई जाए और आदेश पारित किया जाए, जिससे उनके नाम या तस्वीर वाले किसी भी प्रोडक्ट की अनधिकृत बिक्री बंद की जा सके। उनका मानना है कि अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में इसका दुरुपयोग और भी बड़े स्तर पर हो सकता है।
जस्टिस मनमीत प्रितम सिंह ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए कहा कि हर मीम या फोटो का इस्तेमाल अपमानजनक नहीं माना जा सकता। उन्होंने साफ किया कि करण जौहर को यह स्पष्ट करना होगा कि कौन से डोमेन नेम या प्लेटफॉर्म उनकी पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं। तभी कोर्ट इस मामले को गंभीरता से ले सकेगा।
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े सेलिब्रिटी ने पर्सनालिटी राइट्स को लेकर आवाज उठाई हो। हाल ही में बच्चन फैमिली ने भी कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके अलावा अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे दिग्गज कलाकार भी पहले इस मुद्दे को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं।
Share this content:
