IND vs PAK: पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाने पर क्या होगा एक्शन, टीम इंडिया पर लगेगा जुर्माना? क्या है नियम
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज रहा। रविवार को खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। लेकिन इस बार सुर्खियां सिर्फ जीत की वजह से नहीं बल्कि मैच के बाद हुए विवाद के कारण भी बनीं। दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया।
मैच खत्म होते ही कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्के के साथ भारत को जीत दिलाई और साथी खिलाड़ी शिवम दुबे के साथ जश्न मनाने के बाद पूरी टीम सीधे ड्रेसिंग रूम लौट गई। आम तौर पर हर मैच के बाद दोनों टीमें हाथ मिलाकर खेल भावना का प्रदर्शन करती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। टॉस के समय भी सूर्या और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक नहीं किया था।
इस घटना के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा भड़क गए और पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में शामिल होने से इनकार कर दिया। टीम के कोच माइक हेसन ने भी नाराजगी जताई और कहा कि उनकी टीम भारतीय खिलाड़ियों का इंतजार करती रही लेकिन वे मैदान पर नहीं आए। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने औपचारिक तौर पर मैच रेफरी से शिकायत दर्ज करवाई।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस ‘नो हैंडशेक कंट्रोवर्सी’ पर भारतीय टीम पर कोई जुर्माना लग सकता है? दरअसल, आईसीसी या एशियन क्रिकेट काउंसिल के नियमों में कहीं भी यह अनिवार्य नहीं है कि खिलाड़ियों को मैच के बाद हाथ मिलाना ही होगा। इसे केवल खेल भावना का हिस्सा माना जाता है। यानी अगर हाथ नहीं मिलाया गया तो यह नियमों का उल्लंघन नहीं है और टीम इंडिया पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा।
हालांकि, अगर इस दौरान किसी खिलाड़ी की तरफ से अपशब्द या अपमानजनक व्यवहार होता तो मैच रेफरी कार्रवाई कर सकते थे। लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले में ऐसा कुछ नहीं हुआ। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि यह फैसला टीम और बीसीसीआई दोनों का था। उन्होंने इसे सिर्फ एक खेल भावना का मुद्दा नहीं बल्कि उससे आगे की बात बताते हुए कहा कि यह जीत भारत के सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को समर्पित है।
यानी साफ है कि इस घटना को लेकर भले ही विवाद छिड़ गया हो, लेकिन भारतीय टीम पर किसी तरह का जुर्माना या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होगी। फिर भी, इसे खेल भावना के लिहाज से अलग नजर से देखा जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर चर्चा और तेज हो सकती है।
Share this content:
