क्रिस गेल का बड़ा बयान, कहा- मेरा रिकॉर्ड तोड़ सकता है ये भारतीय बल्लेबाज
टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने आईपीएल 2013 में आरसीबी की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। गेल को टी20 का यूनिवर्स बॉस कहा जाता है और वे इस फॉर्मेट में 20 से ज्यादा शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। अब गेल ने खुद उस भारतीय खिलाड़ी का नाम लिया है, जो उनका 175 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
इंडिया टीवी से एक्सक्लूसिव बातचीत में क्रिस गेल ने सनराइजर्स हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा के पास क्षमता है और वह भविष्य में उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। गेल ने कहा कि अभिषेक ने हाल ही में 141 रनों की तूफानी पारी खेली, जो वाकई में शानदार थी। मौजूदा टी20 दौर में शतक लगाना अब आम बात हो गया है। गेल ने निकोलस पूरन और ट्रेविस हेड जैसे खिलाड़ियों का भी जिक्र किया जो मौजूदा आईपीएल में धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बता दें कि आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 141 रन की जबरदस्त पारी खेली थी। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में शतक पूरा किया और कुल 55 गेंदों में 14 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 141 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब को 8 विकेट से मात दी थी। इसी के साथ अभिषेक आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए और उन्होंने केएल राहुल के 132 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
Share this content:
