April 19, 2026

धोनी की कप्तानी पर स्टीफन फ्लेमिंग का बड़ा बयान, बोले- कोई जादू नहीं होने वाला

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की हालत बेहद खराब है। टीम लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में सबसे नीचे है। टीम के नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ चोट के चलते सीजन से बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद एमएस धोनी को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई। हालांकि, धोनी की कप्तानी में भी टीम को पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों आठ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा।

चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि धोनी का अनुभव और नेतृत्व हमेशा फायदेमंद रहेगा, लेकिन इससे रातों-रात बदलाव नहीं आने वाला। उन्होंने कहा कि धोनी कोई ज्योतिषी नहीं हैं, न ही उनके पास कोई जादुई छड़ी है, जिससे टीम की किस्मत पलट जाए। फ्लेमिंग ने कहा कि उन्हें धोनी के साथ मिलकर मेहनत करनी होगी और टीम को सही दिशा में ऊर्जा लगानी होगी।

फ्लेमिंग ने आगे कहा कि टीम को टूर्नामेंट में वापसी करने के लिए छोटे-छोटे कदम उठाने होंगे। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में सुधार की जरूरत है। उन्होंने माना कि पिछले मैच में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक था और उन्होंने आत्ममंथन किया है कि आखिर गलती कहां हुई। फ्लेमिंग ने उम्मीद जताई कि आने वाले मुकाबलों में टीम वह खेल दिखाएगी, जिसकी पहचान चेन्नई सुपर किंग्स जैसी गौरवशाली फ्रेंचाइजी से होती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!