April 18, 2026

कटिहार: मखाने की खेती को लेकर दो गुटों में भिड़ंत, तीर-धनुष से हमला और घरों में आगजनी

बिहार के कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरा गांव में मखाना निकालने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यहां आदिवासी समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मारपीट तीर-धनुष और धारदार हथियारों से हमले में बदल गई। इस घटना में कुल 9 लोग घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने 2 घरों को आग के हवाले भी कर दिया।

 

घायल साझू मुर्मू और अन्य पीड़ितों ने बताया कि वे सरकारी जमीन पर मखाना की खेती कर रहे थे। तभी विरोधी गुट के लोग खेत में पहुंचे और फरसा व तीर-धनुष से हमला कर दिया। इस दौरान बिटका मुर्मू, दलजा मुर्मू, सालखू सोरेन और डेनियल मरांडी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी शशि रंजन ने बताया कि मखाना उठाने को लेकर विवाद हुआ था और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!