अलीगढ़: पति के उकसाने पर महिला ने छत से लगाई छलांग, घायल होने के बाद भी पीटा
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोंडा थाना क्षेत्र के दौंकोली गांव में दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला अर्चना ने दो मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। इस घटना का 38 सेकंड का वीडियो पड़ोसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अर्चना की शादी सोनू नामक युवक से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। पीड़िता के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सोनू, ससुर प्रेमपाल, सास नेहनी देवी, जेठ प्रमोद और जेठानी दुर्गेश देवी लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। पति ने छलांग लगाने से पहले अर्चना को उकसाया और गिरने के बाद भी बेरहमी से पीटा।
गंभीर रूप से घायल अर्चना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर आक्रोश पैदा कर दिया है और लोग आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Share this content:
