May 2, 2026

कासगंज: चंदन गुप्ता हत्याकांड का दोषी सलीम की लखनऊ जेल में मौत, काट रहा था उम्रकैद

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा रैली के दौरान हुए चर्चित चंदन गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सलीम की मौत हो गई है। वह लखनऊ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। जेल प्रशासन के मुताबिक, सलीम लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था और डायलिसिस पर चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार रात उसने लखनऊ जेल अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे शव लेने के लिए लखनऊ रवाना हो गए।

जेल प्रशासन ने जानकारी दी कि सलीम को कुछ समय पहले ही स्वास्थ्य बिगड़ने पर कासगंज से लखनऊ जेल शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि एक माह पहले वह पैरोल पर घर भी आया था। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव देर शाम तक कासगंज लाया जाएगा। सलीम की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर से चर्चा में आ गया है, जिसने कभी पूरे प्रदेश की राजनीति को हिला कर रख दिया था।

गौरतलब है कि 26 जनवरी 2018 को कासगंज में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान दो समुदायों के बीच विवाद भड़क गया और हिंसा में बदल गया। इसी दौरान अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन गुप्ता को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे राज्य में तनाव पैदा कर दिया था। भारी सुरक्षा के बीच चंदन का अंतिम संस्कार किया गया था, जिसमें कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे।

इस हत्याकांड के बाद कासगंज शहर करीब सात दिनों तक दंगों की आग में झुलसता रहा। मामले की सुनवाई लखनऊ की विशेष एएनआई कोर्ट में हुई थी। सबूतों के अभाव में जहां दो आरोपियों को बरी कर दिया गया था, वहीं 28 आरोपियों को दोषी करार दिया गया था। इन सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी और वे फिलहाल लखनऊ जेल में बंद हैं।

मुख्य आरोपी सलीम की मौत ने एक बार फिर से इस पुराने और संवेदनशील मामले को सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि जेल प्रशासन की रिपोर्ट और मेडिकल जांच में क्या खुलासा होता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!