बस्ती: विधवा भाभी से देवर ने की गंदी हरकत, विरोध करने पर सास-ससुर ने दी जान से मारने की धमकी
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने देवर और सास-ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका देवर उसके बेडरूम में घुस आया और जबरन गंदी हरकतें करने लगा। जब उसने विरोध किया और शोर मचाया तो सास-ससुर वहां पहुंचे, लेकिन मदद करने के बजाय उन्होंने महिला को धमकी दी। आरोप के अनुसार, सास-ससुर ने साफ कहा कि देवर जो कर रहा है, उसे करने दो, वरना तुम्हें जान से मार देंगे और मामले को आत्महत्या साबित कर देंगे।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना 27 जुलाई की है। वह अपनी बेटी के साथ कमरे में बैठी थी तभी उसका देवर अचानक कमरे में आ गया और शादी करने का दबाव डालने लगा। महिला के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो देवर ने गलत नीयत से छेड़छाड़ शुरू कर दी और जोर-जबरदस्ती की कोशिश की। इस दौरान उसकी चूड़ी टूट गई और हाथ से खून बहने लगा। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद सास और ससुर वहां आए, लेकिन उन्होंने मदद करने के बजाय धमकी देते हुए कहा कि अगर देवर की बात नहीं मानी तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत साल 2022 में हो चुकी है। पति ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद ससुरालवालों ने उस पर ही आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, इस केस में वह बरी हो चुकी है। पति की मौत के बाद से ही देवर लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था और आए दिन परेशान करता था। महिला का आरोप है कि ससुरालवाले भी उसकी मदद करने के बजाय देवर का साथ देते थे।
पीड़िता ने कहा कि वह लगातार दहशत में जी रही थी, लेकिन जब हालात हद से ज्यादा बिगड़ गए तो उसने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने देवर, सास और ससुर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच एसआई मुरलीधर मिश्रा को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस ने महिला को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह घटना न केवल महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि इस बात को भी उजागर करती है कि कई बार महिलाएं अपने ही घर के भीतर सबसे ज्यादा असुरक्षित होती हैं। ऐसे मामलों से यह साफ है कि समाज में आज भी महिलाओं को न्याय पाने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ती है। पुलिस की जांच से आने वाले दिनों में यह साफ हो सकेगा कि आखिर इस पूरे मामले में सच क्या है और महिला के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Share this content:
