Bigg Boss 19 का पहला एविक्शन, इन दो कंटेस्टेंट को शो से किया गया बाहर
टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ से आखिरकार पहला एविक्शन हो गया है। शो शुरू होने के तीन हफ्ते बाद तीसरे वीकेंड का वार में मेकर्स ने एक साथ दो कंटेस्टेंट्स को बाहर कर दिया। इस एविक्शन के बाद अब घर में 15 खिलाड़ी बचे हैं, जो आगे की जंग में भिड़ेंगे।
इस हफ्ते नॉमिनेशन में चार कंटेस्टेंट्स थे—नतालिया जानोसजेक, नगमा मिराजकर, मृदुल तिवारी और आवेज दरबार। लेकिन घर से बाहर जाने का फैसला नतालिया और नगमा के नाम पर आकर थम गया। वहीं मृदुल और आवेज फिलहाल सुरक्षित बच गए।
पहली एविक्टेड कंटेस्टेंट बनीं पोलैंड की एक्ट्रेस नतालिया जानोसजेक। शुरुआत से ही यह साफ नजर आ रहा था कि हिंदी भाषा पर उनकी पकड़ कमजोर है, जिस वजह से वे घरवालों से जुड़ नहीं पा रही थीं। कम बातचीत और अलग-थलग रहने की वजह से आखिरकार उनका सफर यहीं खत्म हो गया।
वहीं दूसरी एविक्टेड कंटेस्टेंट रहीं नगमा मिराजकर। नगमा को अक्सर घर में शांत देखा गया। उन्होंने कभी किसी बड़े मुद्दे पर खुलकर अपनी राय नहीं रखी। गेम में उनकी यही कमजोरी उन पर भारी पड़ी और उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि नगमा अपने बॉयफ्रेंड आवेज दरबार के साथ शो में आई थीं, लेकिन अब आवेज अकेले गेम खेलते नजर आएंगे।
सलमान खान भी कई बार कंटेस्टेंट्स को समझा चुके हैं कि घर में टिके रहने के लिए एक्टिव रहना जरूरी है। नगमा की तरह आवेज भी गेम में थोड़े शांत दिखाई देते हैं। अब देखना होगा कि नगमा के बाहर होने के बाद आवेज अपने गेम में क्या बदलाव करते हैं।
शो की शुरुआत 16 कंटेस्टेंट्स के साथ हुई थी। बाद में शहनाज गिल के भाई शहबाज बदेशा वाइल्ड कार्ड के तौर पर शामिल हुए और कुल संख्या 17 हो गई। लेकिन नतालिया और नगमा के बाहर होने के बाद अब घर में 15 सदस्य बचे हैं, जिनके बीच मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प होता जा रहा है।
Share this content:
