IPL में 0 रन बनाने वाले मिचेल ओवन का MLC में धमाका, 12 छक्कों के साथ बनाए 156 रन, टीम की जीत की हैट्रिक
आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए बिना खाता खोले आउट होने वाले मिचेल ओवन ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2025) में जबरदस्त वापसी की है। अमेरिका में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में ओवन ने वाशिंगटन फ्रीडम की ओर से खेलते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 60 रन ठोक दिए, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल रहे।
इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत वाशिंगटन फ्रीडम ने 189 रनों का लक्ष्य 8 विकेट खोकर चार गेंद पहले ही हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188/4 का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन ओवन की आक्रामक पारी ने पूरा मैच पलट दिया।
मिचेल ओवन अब तक MLC 2025 में चार मुकाबलों में कुल 156 रन बना चुके हैं, जिसमें 12 शानदार छक्के शामिल हैं। आईपीएल में जहां उनका खाता तक नहीं खुला था, वहीं अमेरिका की पिचों पर वह अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मिचेल ओवन को पंजाब किंग्स ने 3 करोड़ रुपये में ग्लेन मैक्सवेल के रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया था। हालांकि, वह अपने डेब्यू मैच में बिना रन बनाए आउट हो गए थे, और उसके बाद उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला। लेकिन MLC में वह नई शुरुआत करते हुए टीम के लिए मैच विनर साबित हो रहे हैं और वाशिंगटन फ्रीडम की तीसरी जीत में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला।
Share this content:
