LDA वीसी ने नादरगंज-अटल नगर और वरुण विहार योजना का किया निरीक्षण: निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया, देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना तथा आगरा एक्सप्रेसवे के निकट वरुण विहार योजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में कान्हा गौशाला होते हुए अमौसी फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड निर्माण, इंटरलॉकिंग एवं नाला निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि नादरगंज से टीएस मिश्रा यूनिवर्सिटी तक सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग तथा गहरे नाले का निर्माण कार्य भी जारी है। आवागमन और क्षेत्र में जलभराव की निकासी के लिए सड़क एवं जल निकासी से संबंधित सभी कार्यों को पूरा किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण करने के दौरान कान्हा उपवन का गेट एवं बाउंड्री सामने आ रहा है, जिसको पहले हटाया जायेगा और सड़क बनने के बाद दोबारा से निर्माण किया जायेगा। इसके अतिरिक्त, कान्हा उपवन परिसर में स्थित कपिला गौशाला की बाउंड्री का निर्माण कराने के निर्देश दिए।

अटल नगर में फ्लैटों पर कब्जा देने की प्रक्रिया होगी तेज

देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजना में निर्मित एमएमआईजी फ्लैटों पर आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, एलआईजी-1 श्रेणी के 208 फ्लैटों की लॉटरी शीघ्र आयोजित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वीसी एलडीए ने बताया कि योजना में बिजली के खंभों की शिफ्टिंग, पार्क रोड एवं ग्रीन बेल्ट के विकास तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य जारी है। रजनीगंधा टावर के शेष कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जायेगा। एमआईजी फ्लैटों के निकट पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है और आवंटियों को वाहन पार्किंग की पर्याप्त सुविधा के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण कार्य भी जारी है।

वरुण विहार योजना में तेजी से हो रहा भूखण्डों के विकास कार्य

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने वरुण विहार योजना का भी स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने योजना में भूमि समतलीकरण, मिट्टी की पुराई, सड़क की साफ-सफाई एवं भूखण्डों के विकास कार्यों की समुचित प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि को आवश्यकतानुसार लगभग एक फुट ऊंचा रखते हुए मिट्टी की पुराई कराई जाए तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पानी के लेवल एवं जल निकासी की व्यवस्था का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। योजना क्षेत्र में लगभग डेढ़ किलोमीटर तक सड़क की साफ-सफाई कराने तथा भूखण्डों के विकास से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए क्रमबद्ध तरीके से साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित करने को कहा, जिससे कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जा सके और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप विकास कार्य पूरे हों। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत सिंह एवं मनोज सागर, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Share this content:

About The Author

You may have missed