सूर्यकुमार यादव जैसा बनने की चाह, वैभव सूर्यवंशी से भी तेज शतक, अभिषेक पाठक ने रच दिया इतिहास
IPL में वैभव सूर्यवंशी के 35 गेंदों वाले शतक की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL 2025) में अभिषेक पाठक ने इससे भी तेज शतक ठोककर सबको चौंका दिया। 23 साल के इस बल्लेबाज ने केवल 33 गेंदों में शतक पूरा कर लिया और 48 गेंदों की अपनी विस्फोटक पारी में 133 रन जड़ दिए। इस दौरान उन्होंने 15 छक्के और 7 चौके लगाए, और क्रिस गेल के 10 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर दी।
क्रिस गेल ने 2015 में इंग्लैंड की डोमेस्टिक टी20 लीग में एक पारी में 15 छक्के लगाए थे, और अब अभिषेक ने भी वही कारनामा दोहराया है। उनकी स्ट्राइक रेट रही 277.1 की, जो उनके आक्रामक तेवर को दर्शाती है। इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में 35 गेंदों में शतक जड़ा था, लेकिन अभिषेक ने अब इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
अभिषेक का क्रिकेट सफर 13 साल की उम्र से शुरू हुआ था। उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों में खेला है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी वे अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। क्रिकेट की दुनिया में उनकी लोकप्रियता ‘मून पाठक’ नाम से सोशल मीडिया पर भी लगातार बढ़ रही है।
खास बात ये है कि अभिषेक पाठक सूर्यकुमार यादव को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह बल्लेबाजी में सूर्यकुमार से सबसे ज्यादा “कंसिस्टेंसी” सीखना चाहते हैं। अब उनकी नजर अगले लक्ष्य पर है—आईपीएल। जिस तरह उन्होंने MPL में धमाकेदार प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वो जल्द ही IPL टीमों की नजरों में आ सकते हैं।
Share this content:
