April 19, 2026

दिल्ली के खिलाफ मैच में चोटिल हुए संजू सैमसन, IPL 2025 से बाहर होने की आशंका

राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2025 के बीच बड़ा झटका लगा है, टीम के कप्तान संजू सैमसन एक बार फिर से चोटिल हो गए हैं। संजू आईपीएल 2025 के 32वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान चोटिल होकर रिटायर हर्ट हो गए। वे 19 गेंदों में 31 रन बनाकर मैदान से बाहर चले गए। इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। चोट के बाद संजू को काफी दर्द महसूस हुआ और राजस्थान रॉयल्स के फिजियो तुरंत मैदान में पहुंचे। उन्होंने सैमसन की पसलियों की जांच की और ब्रेक के दौरान सैमसन ने एक टैबलेट भी ली, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

मैच के दौरान यह घटना राजस्थान की पारी के छठे ओवर में हुई, जिसे दिल्ली के गेंदबाज विप्राज निगम डाल रहे थे। संजू ने तीसरी गेंद पर शॉट खेला, गेंद लॉन्ग ऑफ की तरफ गई लेकिन रन नहीं लिया गया। इसके बाद संजू अचानक दर्द से कराहते नजर आए। फिलहाल फ्रेंचाइज़ी की ओर से उनकी चोट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि संजू हाल ही में एक अन्य चोट से उबरकर मैदान पर लौटे थे। उन्होंने अंगूठे की सर्जरी करवाई थी और अब फिर से चोटिल हो गए हैं। अगर यह चोट गंभीर निकली तो सैमसन को आईपीएल 2025 से बाहर होना पड़ सकता है, हालांकि हल्की चोट होने की स्थिति में उनके जल्द लौटने की उम्मीद है। मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन बनाए थे, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने भी 188 रन बना दिए। इसके बाद मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा, जिसमें दिल्ली ने राजस्थान को हरा दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!