BGT में हार और ड्रेसिंग रूम की बातें लीक होने पर BCCI की बड़ी कार्रवाई, तीन कोचिंग स्टाफ को किया बाहर
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2025 में भारत की 1-3 से हार और ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर आने के बाद BCCI ने बड़ा कदम उठाते हुए टीम इंडिया के तीन कोचिंग स्टाफ को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इनमे सहायक कोच अभिषेक नायर, फील्डिंग कोच टी दिलीप और ट्रेनर सोहम देसाई शामिल हैं। हालांकि BCCI की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैसला ड्रेसिंग रूम की गोपनीयता भंग होने और टीम के खराब प्रदर्शन के चलते लिया गया है। नायर की जगह फिलहाल किसी को नियुक्त नहीं किया जाएगा क्योंकि बल्लेबाजी कोच के रूप में सितांशु कोटक पहले से ही टीम से जुड़े हुए हैं। फील्डिंग कोच दिलीप की जिम्मेदारी अब सहायक कोच रेयान टेन डेस्काटे निभाएंगे। वहीं ट्रेनर सोहम देसाई की जगह अब एड्रियन ली रू को यह भूमिका दी गई है, जो वर्तमान में IPL टीम पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं और पहले कोलकाता नाइटराइडर्स और भारतीय टीम के साथ भी काम कर चुके हैं।
टी दिलीप और सोहम देसाई पिछले तीन वर्षों से भारतीय टीम का हिस्सा थे, जबकि अभिषेक नायर लगभग आठ महीने पहले टीम के साथ जुड़े थे। BGT सीरीज के दौरान मेलबर्न टेस्ट में हार के बाद कोच गौतम गंभीर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने बिना किसी खिलाड़ी का नाम लिए कहा था कि नेचुरल गेम खेलने का बहाना बनाकर सिचुएशन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। गंभीर की यह बातचीत लीक हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने बयान देते हुए कहा था कि प्लेयर और कोच के बीच की बात ड्रेसिंग रूम तक ही सीमित रहनी चाहिए और इसकी गोपनीयता बरकरार रहनी चाहिए। उन्होंने ड्रेसिंग रूम में तनाव की खबरों को गलत बताया था।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत ने पहला टेस्ट पर्थ में 295 रन से जीतकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में 10 विकेट से जीत दर्ज की। तीसरा टेस्ट ब्रिस्बेन में ड्रॉ रहा, जबकि मेलबर्न में भारत को 184 रन से और सिडनी में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज के दौरान भारतीय बल्लेबाजी सबसे कमजोर कड़ी साबित हुई। विराट कोहली ने 9 पारियों में एक नाबाद शतक सहित सिर्फ 190 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा 5 पारियों में केवल 31 रन ही बना सके। भारत सीरीज की 9 में से 6 पारियों में 200 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया।
Share this content:
