May 7, 2026

गाजा: हमास ने ठुकराई अमेरिकी शांति पहल, कहा– सुरक्षा पर हमारा नियंत्रण रहेगा, हथियार नहीं छोड़ेंगे

गाजा पट्टी में शांति बहाल करने की अमेरिकी कोशिशों को हमास के ताजा बयान से बड़ा झटका लगा है। संगठन के वरिष्ठ नेता मोहम्मद नज्जाल ने साफ कर दिया है कि गाजा की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह उनके नियंत्रण में रहेगी और फिलहाल हथियार डालने का कोई सवाल नहीं उठता। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गाजा में स्थायी शांति और नई प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में हमास नेता नज्जाल ने कहा कि संगठन पांच साल तक के युद्धविराम के लिए तैयार है ताकि गाजा का पुनर्निर्माण हो सके, लेकिन किसी भी सूरत में निरस्त्रीकरण की शर्त स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “जब तक फिलिस्तीनियों को एक स्वतंत्र राज्य का वादा और अधिकार नहीं दिया जाता, तब तक सुरक्षा की जिम्मेदारी हम खुद निभाएंगे।” इस बयान से स्पष्ट है कि हमास फिलहाल अपने सशस्त्र ढांचे को खत्म करने के पक्ष में नहीं है।

हमास का यह रुख ट्रंप की 20-प्वाइंट शांति योजना के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। इस योजना के तहत अमेरिका गाजा को हथियार-मुक्त क्षेत्र बनाना चाहता है ताकि इजराइल और फिलिस्तीन के बीच स्थायी सुलह की राह आसान हो सके। लेकिन हमास की ओर से आए इस कड़े बयान से साफ है कि संगठन किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जब तक गाजा की सुरक्षा हमास के नियंत्रण में रहेगी, तब तक इस क्षेत्र में स्थायी शांति की संभावना बेहद कम है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!