हमास की एक गलती और फिर शुरू होगा युद्ध, नेतन्याहू ने दी चेतावनी — ‘हथियार नहीं डाले तो गाजा में फिर गरजेंगी गोलियां’
गाजा में युद्धविराम लागू होने के बाद जहां कैदियों की रिहाई और सेना की वापसी शुरू हो गई है, वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, अगर हमास ने हथियार नहीं छोड़े, तो युद्ध दोबारा शुरू होगा।
गाजा पट्टी में इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम लागू हो चुका है, जिसके तहत दोनों पक्षों ने बंधकों और कैदियों की रिहाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को इजराइल सरकार ने 250 फिलिस्तीनी कैदियों की सूची जारी की, जिन्हें गाजा शांति समझौते के तहत रिहा किया जाएगा। लेकिन इसी बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने अपने हथियार नहीं डाले, तो युद्ध एक बार फिर शुरू हो जाएगा।
युद्धविराम के प्रभावी होते ही इजराइली सेनाओं ने गाजा से धीरे-धीरे पीछे हटना शुरू कर दिया है। हजारों विस्थापित गाजावासी अब अपने तबाह घरों की ओर लौट रहे हैं। राहतकर्मी युद्ध से बर्बाद इलाकों में शवों को निकालने और राहत कार्यों में जुट गए हैं। लेकिन नेतन्याहू ने साफ कहा है कि “हमास का निरस्त्रीकरण (disarmament) हर हाल में किया जाएगा। अगर यह शांति से नहीं हुआ, तो इसे ‘हार्ड वे’ यानी युद्ध के रास्ते से किया जाएगा।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में बनी ‘गाजा पीस डील’ के तहत 20 बिंदुओं की योजना तैयार की गई थी। इसमें हमास के हथियार निष्क्रिय करने और गाजा को असैन्यीकृत (demilitarized) करने का प्रावधान शामिल है। हालांकि, गुरुवार को जो समझौता हुआ, वह फिलहाल सिर्फ शुरुआती चरण में है — जिसमें बंधक-फिलिस्तीनी कैदियों की अदला-बदली, आंशिक सैनिक वापसी और युद्धविराम शामिल हैं। लेकिन हमास ने साफ कहा है कि वह हथियार डालने के लिए तैयार नहीं है, जिससे समझौते की स्थिरता पर सवाल उठने लगे हैं।
नेतन्याहू ने अपने वीडियो संबोधन में कहा कि यह समझौता युद्ध समाप्त करने का नहीं, बल्कि बंधकों की रिहाई का कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गाजा तब तक शांत नहीं होगा जब तक हमास को पूरी तरह निरस्त्र नहीं कर दिया जाता। इजराइल की इस चेतावनी से यह स्पष्ट हो गया है कि अगर हमास ने हथियार रखने पर अड़ा रहा, तो हालात कभी भी फिर से बिगड़ सकते हैं।
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक लगभग दो लाख से अधिक फिलिस्तीनी उत्तर गाजा लौट चुके हैं। वहीं, इजराइल की ओर से घोषित 250 कैदियों की रिहाई के अलावा 7 अक्टूबर 2023 के बाद हिरासत में लिए गए 1,700 गाजावासियों को भी छोड़ा जाएगा।
इस बीच, यूरोपीय संघ (EU) ने घोषणा की है कि 14 अक्टूबर से रफा बॉर्डर क्रॉसिंग को दोबारा खोला जाएगा, ताकि गाजा और मिस्र के बीच मानवीय सहायता और पैदल आवाजाही बहाल की जा सके।
हालांकि, नेतन्याहू की चेतावनी के बाद क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ गया है। अब दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या हमास शांति डील की शर्तें मानता है या मध्य पूर्व एक बार फिर युद्ध की आग में झोंक दिया जाएगा।
Share this content:
