दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय के बीच पहुंचना एक खास पल बन गया। G20 शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे पीएम मोदी का यहां पारंपरिक गिरमिटिया गाने ‘गंगा मैया’ की प्रस्तुति से स्वागत किया गया। यह गाना साउथ अफ्रीका में बसे भारतीय मूल के शुरुआती समुदाय की स्मृतियों और संघर्षों का प्रतीक माना जाता है।
प्रधानमंत्री ने इस प्रदर्शन को खुशी और भावनाओं से भरा अनुभव बताया। उन्होंने X पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह सांस्कृतिक ट्रिब्यूट भारतीय समुदाय की हिम्मत, उम्मीद और भारत से उनके अटूट जुड़ाव का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा – तमिल वर्जन ने प्रस्तुति को और खास बनाया
गाना सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने परफॉर्मेंस की सराहना की और बताया कि इसमें पारंपरिक गीत के तमिल संस्करण को भी शामिल किया गया था, जो दक्षिण अफ्रीका में बसे भारतीय समुदाय की विविध भाषाई जड़ों को दर्शाता है।
क्यों खास है ‘गंगा मैया’?
‘गंगा मैया’ गीत साउथ अफ्रीका के भारतीय मूल के लोगों के भीतर बसा वह भावुक अध्याय है, जो उनके पूर्वजों की यात्राओं, संघर्षों और भारत से भावनात्मक जुड़ाव की याद दिलाता है। पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह के गीतों और भजनों ने उस समुदाय को वर्षों तक भारत की संस्कृति से जोड़कर रखा।
यह पूरा आयोजन भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक गर्व, एकता और विरासत की झलक देता है, जिसे पीएम मोदी ने भोजपुरी में पोस्ट कर और भी खास बना दिया।
Share this content:
