AI टूल्स से बनी ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज, भगवान राम की आवाज में गूंजा संकल्प – “सीते, मैं तुम्हें वापस लाकर ही सांस लूंगा”
रामायण एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग है। जहां एक ओर नितेश तिवारी की 4000 करोड़ के बजट वाली रामायण का इंतज़ार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर Cinefai Studios के बैनर तले बनी एक नई “AI जनरेटेड रामायण” का ट्रेलर सामने आ गया है। इस रामायण की खास बात यह है कि इसमें किसी भी असली अभिनेता ने काम नहीं किया है, बल्कि हर सीन और किरदार को पूरी तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स की मदद से गढ़ा गया है।
तीन दिन पहले रिलीज हुए इस ट्रेलर में राम, सीता, रावण, हनुमान और लक्ष्मण जैसे प्रमुख पात्रों की झलक दिखती है। शुरुआत लक्ष्मण के संवाद से होती है – “माते चाहे कोई कुछ भी कहे, इस सीमा को पार मत कीजिएगा। यही आपकी रक्षा करेगी।” इसके तुरंत बाद सीता हरण का दृश्य दिखाया गया है, जो AI के शानदार विजुअल क्राफ्ट के जरिए जीवंत प्रतीत होता है।
हालांकि ट्रेलर में कोई किरदार संवाद बोलता हुआ नहीं दिखता, लेकिन फिर भी दृश्य इतने प्रभावशाली हैं कि वे दर्शकों को बांध कर रखते हैं। ट्रेलर के अंत में भगवान राम की एक गर्जना सुनाई देती है – “चाहे समंदर को चीरना पड़े, चाहे धरती उलटनी पड़े, चाहे ब्रह्मांड भी मेरे विरुद्ध क्यों न हो… सीते, मैं तुम्हें वापस लाकर ही सांस लूंगा।”
इस प्रोजेक्ट को लेकर मेकर्स ने स्पष्ट किया है कि इसका रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर रामायण से कोई संबंध नहीं है। उनका दावा है कि यह एक स्वतंत्र ओरिजिनल रामायण सीरीज है, जो हिंदी भाषा में बनी है और पारंपरिक कहानी पर आधारित है।
इस सीरीज का पहला एपिसोड भी रिलीज हो चुका है, जिसमें रामायण की आरंभिक कथा को दर्शाया गया है। भव्य विजुअल्स और गूढ़ संवादों से सजी यह AI रामायण तकनीक और संस्कृति के मिलन की अनूठी मिसाल बनती दिख रही है, जिसे दर्शक सोशल मीडिया पर खूब सराह रहे हैं।
Share this content:
