14 साल के बच्चे की धुआंधार बल्लेबाजी से गदगद हुए CM नीतीश, वैभव सूर्यवंशी को इनाम में मिलेंगे इतने लाख रुपये
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। 28 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में, वैभव ने गुजरात के खिलाफ शतक बनाकर युसूफ पठान का 2010 में 37 गेंदों पर शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा।
सूर्यवंशी की पारी ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया और राजस्थान रॉयल्स को 210 रनों का टारगेट 25 गेंदों और आठ विकेट रहते हुए आसानी से हासिल करवा दिया। इस शानदार प्रदर्शन के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी वैभव की तारीफ की और उन्हें इनाम देने की घोषणा की।
नीतीश कुमार ने ट्विटर पर लिखा, “आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने बिहार के वैभव सूर्यवंशी को बधाई एवं शुभकामनाएं। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। सभी को उन पर गर्व है।” मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने 2024 में वैभव और उनके पिता से मुलाकात की थी और उस समय ही वैभव के उज्जवल भविष्य की कामना की थी। इसके बाद, आईपीएल में उनकी शानदार पारी के बाद नीतीश कुमार ने फोन पर बात करके उन्हें बधाई दी और घोषणा की कि राज्य सरकार की तरफ से उन्हें 10 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
Share this content:
