राधे-राधे कहने पर सपा को आपत्ति क्यों ! पंकज चौधरी ने उठाया सवाल, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि राधे-राधे कहने पर उन्हें आपत्ति क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि हम सनातन धर्म को मानने वाले हैं और ब्रज की पावन भूमि पर राधे-राधे कहना हमारी स्वाभाविक आस्था और संस्कृति का हिस्सा है। राधे-राधे जैसे धार्मिक संबोधन पर सवाल उठाना समझ से परे है। पंकज चौधरी ने ये बातें लखनऊ की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज में आयोजित मतदाता जोड़ो अभियान के दौरान मतदाताओं से संवाद करते हुए कहीं।

लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ी ताकत, मतदाता सूची में नाम जांचना जरूरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करने के लिए जुटा है कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान हमारी सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ा हथियार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि किसी कारणवश नाम सूची से छूट गया है या उसमें कोई त्रुटि है तो निर्धारित समय के भीतर उसे ठीक कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि चुनाव के समय किसी को भी अपने मताधिकार से वंचित न रहना पड़े।

22, 23 और 24 नवंबर को भाजपा का विशेष मतदाता जोड़ो अभियान

पंकज चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में हरसंभव मदद करें। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में विधायक, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर की टीमें सक्रिय हैं। इसके साथ ही न्याय पंचायत प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ प्रमुख और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी अभियान को गति देने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और उसमें मौजूद त्रुटियों को दुरुस्त कराने के लिए जागरूक करें।

17 नवंबर से 17 दिसंबर तक निर्वाचन आयोग का विशेष अभियान

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक एक महीने का विशेष अभियान (SSR) चलाया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों के नाम शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी प्रक्रिया पूरी करें।

किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए : पंकज चौधरी

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उनकी भी जिम्मेदारी है कि पार्टी के किसी कार्यकर्ता या समर्थक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी इस अभियान में आगे आकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे अपना नाम, पता और आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं, ताकि पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में मदद कर सकें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया सह संयोजक हिमांशु दुबे, विधायक नीरज बोरा सहित पार्टी के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा मतदाता जोड़ो अभियान के मंडल संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान के तहत मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

Share this content:

About The Author

You may have missed