पापा का काम छूटा, बहुत मुश्किल से चलता था घर, किन हालात में वैभव सूर्यवंशी बने क्रिकेटर इस Video में खुद बताया
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में महज 35 गेंदों पर तूफानी शतक लगाकर इतिहास रच दिया। मैच के बाद, आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया और उनके संघर्ष के बारे में खुलकर बताया।
वीडियो में वैभव ने बताया कि आज जो कुछ भी वह हैं, वह अपने माता-पिता की वजह से हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां रोज सुबह जल्दी उठकर उनका टिफिन तैयार करती थीं ताकि वह प्रैक्टिस करने जा सकें, जबकि उनकी मां सिर्फ तीन घंटे सोती थीं। वैभव ने यह भी बताया कि उनके पापा ने अपना काम छोड़ दिया ताकि वह अपना करियर बना सकें और अब उनके बड़े भाई उनका काम संभालते हैं। परिवार ने काफी मुश्किल समय देखा है और वैभव ने कहा कि जो कुछ भी वह आज हैं, वह अपने माता-पिता के त्याग के कारण ही संभव हो पाया है।
अपने शतकीय पारी के बारे में बात करते हुए, वैभव ने कहा कि वह बहुत समय से इस पारी की तैयारी कर रहे थे और आज जब परिणाम उनके पक्ष में आया तो उन्हें खुशी हुई। उन्होंने यह भी कहा कि वह आने वाले मैचों में और भी बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे और हमेशा अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहेंगे। उन्होंने बताया कि आईपीएल में उनका यह पहला शतक है और टूर्नामेंट में यह उनकी तीसरी पारी थी।
वैभव ने बताया कि वह यशस्वी जायसवाल के साथ बैटिंग करना पसंद करते हैं, क्योंकि वह उन्हें समझाते हैं और उनके बीच हमेशा पॉजिटिव बातें होती हैं। आईपीएल में शतक बनाना उनका सपना था, और अब वह सपना सच हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार का डर नहीं लगता, और उनका ध्यान सिर्फ एक मैच पर और उस मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर रहता है।
Share this content:
