RR Playoff Scenario: GT के खिलाफ जीत के बाद राजस्थान की जगी उम्मीदें, प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए करना होगा ये काम
राजस्थान रॉयल्स ने 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की, जो इस सीजन उनकी तीसरी जीत थी। गुजरात के खिलाफ इस जीत के बाद राजस्थान की टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें एक बार फिर से जगी हैं। इससे पहले, जब राजस्थान ने अपना पिछला मुकाबला खेला था, तो फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स सहित टीम के बॉलिंग कोच शेन बॉन्ड ने भी माना था कि राजस्थान प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। हालांकि, गुजरात के खिलाफ जिस तरह से टीम ने प्रदर्शन किया, उससे प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद फिर से बनी है।
राजस्थान रॉयल्स इस वक्त आईपीएल 2025 में 10 मुकाबले खेल चुकी है, जिनमें से केवल 3 मैचों में उन्हें जीत मिली है। अब तक वे 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर हैं। राजस्थान को अब लीग स्टेज में 4 और मैच खेलने हैं। यदि राजस्थान इन बचे हुए चार मैचों में जीत हासिल करती है, तो वे अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच सकती हैं। हालांकि, 14 अंक होने के बाद भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की गारंटी नहीं होती, क्योंकि टीम को दूसरे टीमों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। आईपीएल के इतिहास में कई बार टीमें 14 अंकों के साथ भी प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रही हैं।
अगर राजस्थान अपने अगले चार मैचों में जीत हासिल करती है, तो उनके पास टॉप-4 में जगह बनाने का मौका होगा। इसके लिए टीम को ध्यान रखना होगा कि चौथे नंबर पर आने वाली टीम के पास 14 से अधिक अंक न हों और साथ ही टीम का नेट रन रेट भी बेहतर होना चाहिए। पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची थी। अब यह देखना होगा कि क्या राजस्थान इस सीजन में प्लेऑफ में जगह बना पाती है या नहीं।
Share this content:
