हैदराबाद: अल्लू अर्जुन 7 नई फिल्मों से करेंगे धमाका, ‘पुष्पा’ के बाद फिर दिखेगा स्टार का भौकाल
साल 2024 में सिनेमाघरों से लेकर सोशल मीडिया तक बस एक ही नाम गूंज रहा था — “पुष्पा, पुष्पा, पुष्पाराज।” अल्लू अर्जुन की इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की, बल्कि उन्हें साउथ ही नहीं बल्कि पूरे देश में सुपरस्टार बना दिया। अब दर्शकों की नजरें उनकी आने वाली फिल्मों पर हैं, और खास बात ये है कि वो एक नहीं बल्कि 7 बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं।
सबसे पहले बात करें उनकी अगली फिल्म की, तो अल्लू अर्जुन फिलहाल डायरेक्टर एटली के साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म का टेंटेटिव टाइटल AA22xA6 रखा गया है। बताया जा रहा है कि यह भारतीय सिनेमा की तीसरी सबसे महंगी फिल्म होगी, जिसका बजट करीब 800 करोड़ रुपये है। फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी और इसे 2027 में रिलीज करने की योजना है।
इसके अलावा दर्शक “पुष्पा 3” का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सुकुमार और अल्लू अर्जुन दोनों इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित हैं। पुष्पा 2 के एंड सीन में तीसरे पार्ट के संकेत पहले ही मिल चुके हैं। हालांकि, शूटिंग की शुरुआत पर अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन यह तय है कि यह फिल्म जरूर बनेगी।
तीसरा बड़ा प्रोजेक्ट है “Sarrainodu 2”। बोयापति श्रीनु इस फिल्म के निर्देशन की तैयारी में हैं। अगर अल्लू अर्जुन और उनके पिता अल्लू अरविंद सहमति देते हैं, तो यह सीक्वल अगले साल से फ्लोर पर जा सकता है।
चौथा प्रोजेक्ट है मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ। खबर है कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही है और एक पीरियड ड्रामा फिल्म को लेकर प्लानिंग हो रही है। अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सबकुछ पॉजिटिव बताया जा रहा है।
पांचवां नाम जुड़ता है एस.एस. राजामौली से। हालांकि वो अभी महेश बाबू के साथ अपनी 1000 करोड़ी फिल्म में व्यस्त हैं, लेकिन अल्लू अर्जुन के साथ उनके एक नए प्रोजेक्ट पर चर्चा जारी है। अगर ये फिल्म बनती है, तो यह अल्लू अर्जुन के करियर का अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट साबित हो सकती है।
इसके अलावा अल्लू अर्जुन का नाम प्रशांत नील और कोरटाला शिवा की फिल्मों से भी जुड़ रहा है। प्रशांत नील “केजीएफ 3” और “सलार 2” खत्म करने के बाद अल्लू अर्जुन के साथ एक एक्शन एंटरटेनर शुरू कर सकते हैं। वहीं कोरटाला शिवा ने पुष्पा 2 की रिलीज के बाद अर्जुन को एक स्क्रिप्ट सुनाई थी, जिसपर अगले कुछ महीनों में काम शुरू हो सकता है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन अब ‘पुष्पा’ के दायरे से निकलकर एक नए सिनेमाई सफर पर निकल पड़े हैं। आने वाले दो साल उनके करियर के लिए बेहद खास होने वाले हैं — जहां एक ओर करोड़ों का दांव लगा है, वहीं दूसरी ओर फैंस की उम्मीदें भी आसमान पर हैं।
Share this content:
