ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के दो युवा सितारे शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा बीच पर मस्ती करते नजर आए। उनकी तस्वीरें देखते ही गुरु युवराज सिंह ने मजाकिया अंदाज में दोनों को जूतों से मारने की धमकी दे डाली। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें अब वायरल हो रही हैं।
भारतीय टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जो 1-1 की बराबरी पर है। अगले मुकाबले से पहले टीम के दो युवा बल्लेबाज शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने थोड़ा वक्त निकालकर गोल्ड कोस्ट के समंदर किनारे कुछ पल बिताए। दोनों ने बीच पर शर्टलेस होकर पानी में उतरने और मस्ती करने की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा कीं। तस्वीरें सामने आते ही फैंस तो दीवाने हुए ही, लेकिन उनके कोच और मेंटर युवराज सिंह का रिएक्शन सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा।
दरअसल, युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा के पोस्ट पर कमेंट करते हुए पंजाबी में लिखा – “जूती लावां दोना दे”, यानी “दोनों को जूते से मारूंगा।” यह कमेंट मजाकिया लहजे में किया गया था, लेकिन फैंस को युवराज का ये अंदाज खूब भा गया। कमेंट पर हजारों लाइक्स और प्रतिक्रियाएं आईं। फैंस ने भी चुटकी लेते हुए लिखा कि “गुरु गुस्सा न हों, चेले बस थोड़ा रिलैक्स कर रहे हैं।” युवराज सिंह खुद भी ऑस्ट्रेलिया के मैदानों में कई यादगार पारियां खेल चुके हैं, और अब वह अपने इन दोनों शिष्यों में भविष्य के स्टार्स देखते हैं।
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। दोनों पंजाब से हैं और बचपन से साथ क्रिकेट खेलते आए हैं। यहां तक कि दोनों ने युवराज सिंह की ही ट्रेनिंग में क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं। युवराज ने कई बार इंटरव्यू में बताया है कि शुभमन और अभिषेक दोनों में अपार टैलेंट है और सही दिशा में मेहनत करने पर ये भारत को टी20 और वनडे दोनों फॉर्मेट में नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं।
जहां अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज में एक शानदार अर्धशतक जड़ा है, वहीं शुभमन गिल का बल्ला अब तक शांत रहा है। हालांकि टीम मैनेजमेंट दोनों पर पूरा भरोसा जता रहा है। अगले मुकाबले में दोनों से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। युवराज सिंह ने भी मजाकिया अंदाज में ही सही, लेकिन यही संदेश दिया कि मस्ती अपनी जगह है, पर देश के लिए जीत सबसे अहम है।
गोल्ड कोस्ट का यह बीच वाला लम्हा भले ही मनोरंजन भरा रहा हो, लेकिन अब नजरें 6 नवंबर को होने वाले चौथे टी20 पर हैं। टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला निर्णायक साबित हो सकता है। देखना होगा कि क्या युवराज के दोनों शिष्य अपनी चमक से ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत को जीत दिला पाते हैं या नहीं।
Share this content:
