April 19, 2026

दिल्ली में अपराध का तांडव: कालकाजी मंदिर में सेवादार की हत्या, मालवीय नगर में युवक की जान ली

देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार रात दो अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं ने पूरे शहर को दहला दिया। पहली घटना कालकाजी मंदिर की है, जहां प्रसाद को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय सेवादार योगेंद्र सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना मालवीय नगर की है, जहां एक 18 साल के युवक को चाकू से गोदकर मार डाला गया।

कालकाजी मंदिर में वारदात रात करीब 9:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि दर्शन करने आए कुछ लोगों ने सेवादार से प्रसाद में चुन्नी देने की मांग की, जिस पर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने सेवादार पर डंडों और मुक्कों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। योगेंद्र पिछले 14-15 साल से मंदिर में सेवा कर रहे थे और उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले थे।

स्थानीय लोगों ने मौके से एक आरोपी अतुल पांडे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह दक्षिणपुरी का रहने वाला है और उसकी उम्र 30 साल बताई जा रही है। बाकी हमलावर फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं और कई जगह छापेमारी की जा रही है। इस मामले में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।

उधर मालवीय नगर में भी एक युवक पर चाकुओं से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक का भाई भी हमले में घायल हुआ है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे एम्स में भर्ती कराया गया है। इस घटना के आरोपी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

इन घटनाओं पर राजनीति भी तेज हो गई है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मंदिरों तक में हत्याएं होना कानून व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है और सवाल उठाया कि आखिर दिल्ली में सुरक्षित कौन है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!