April 18, 2026

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर कार में मिला CRPF इंस्पेक्टर का शव, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आरपीएफ थाने के पीछे पार्किंग एरिया में खड़ी एक लक्जरी कार के अंदर एक युवक को मृत अवस्था में पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। पुलिस ने जब गाड़ी का गेट खुलवाया तो अंदर बैठे युवक को मृत पाया गया। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से मृतक की पहचान सीआरपीएफ इंस्पेक्टर निर्मल उपाध्याय के रूप में हुई।

पुलिस ने तुरंत मामले की जानकारी परिजनों को दी। मृतक की पत्नी राशि उपाध्याय मौके पर पहुंचीं और उन्होंने बताया कि उनके पति निर्मल उपाध्याय सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और पुलवामा जॉइनिंग के लिए जा रहे थे। राशि ने कहा कि उनके पति हैवी ड्रिंकर थे और अक्सर शराब पीते थे। कार के अंदर से भी शराब की गंध आ रही थी। दंपति की शादी 27 नवंबर 2023 को हुई थी और मृतक उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले थे।

पत्नी राशि उपाध्याय ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उनके पति न केवल शराब के आदी थे बल्कि अक्सर उनसे मारपीट भी करते थे। उन्होंने कई बार इस संबंध में कानपुर किदवई नगर पुलिस से शिकायत की थी। राशि ने बताया कि उनके पति मेडिकल लीव पर 12 दिन पहले उनसे मिलने कानपुर आए थे। गुरुवार रात उन्होंने पत्नी से पुलवामा साथ चलने की जिद की और जब उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की। अगले दिन यानी शुक्रवार सुबह वे बिना पत्नी को बताए अपने किरायेदार संजय चौहान के साथ गाड़ी से स्टेशन के लिए निकल गए।

इस मामले पर जीआरपी सीओ दुष्यंत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी एक एमजी कार से शव बरामद हुआ। कार सुबह से वहीं खड़ी थी, और जब उस पर शक हुआ तो गाड़ी को खुलवाया गया। अंदर इंस्पेक्टर निर्मल उपाध्याय मृत अवस्था में मिले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक ने शराब पी रखी थी, लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मृतक के ससुराल वालों और पत्नी को दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि इंस्पेक्टर की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसमें कोई अन्य वजह छुपी हुई है। इस घटना के बाद सीआरपीएफ के स्थानीय हलकों में भी शोक की लहर है और जवान के अचानक यूं मौत के मुंह में जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!