उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के डेरापुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह के बीच पिता ने अपने 25 वर्षीय बेटे को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना जिगनीस गांव की है और पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, किसान दुर्गा प्रसाद दीक्षित और उसका बेटा आयुष लंबे समय से विवादों में थे। घर में तनाव लगातार बढ़ रहा था। इसी बीच सुबह किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पिता ने गुस्से में घर में रखी लाइसेंसी बंदूक उठा ली और बेटे आयुष के सीने पर गोली दाग दी। गोली लगते ही आयुष की मौके पर मौत हो गई, जिससे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पीड़िता और आयुष की मां आशा दीक्षित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था और कानपुर में एक मनोचिकित्सक से इलाज भी करा रहा था। कुछ समय से घर में लगातार तनाव बना हुआ था। घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ा, जिसके बाद दुर्गा प्रसाद ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आयुष ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तभी आरोपी ने बंदूक निकालकर वार कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मां ने शोर मचाते हुए पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डेरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई है ताकि घटना में इस्तेमाल हथियार और परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता आशा दीक्षित ने अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Share this content:
