मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नजदीकी सेवादार महेंद्र दुबे पर एक युवती ने रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर शादी का वादा किया और इसी भरोसे में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती कई दिनों से न्याय की मांग कर रही है, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है।
यह मामला छतरपुर की सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की महेंद्र दुबे से मुलाकात एक धार्मिक यात्रा के दौरान हुई थी। महेंद्र दुबे ने खुद को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बेहद करीबी बताते हुए युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और कहा कि वह उसे बाबा से मिलवा सकता है। इसी बहाने बातचीत और मुलाकातें बढ़ती चली गईं।
पीड़िता ने बताया कि धीरे-धीरे उसकी और महेंद्र दुबे की मुलाकातें नजदीकी में बदल गईं। इसी दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे में युवती ने उससे संबंध बनाए। लेकिन कुछ समय बाद उसे पता चला कि महेंद्र दुबे पहले से शादीशुदा है और उसने यह बात जानबूझकर छुपाई थी। सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने तत्काल सिविल लाइन थाने में जाकर मामला दर्ज कराया।
सोशल मीडिया पर यह मामला पिछले कई दिनों से चर्चा में है। पीड़िता लगातार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही है और शिकायत कर रही है कि पुलिस कार्रवाई में देरी हो रही है। इसी बीच युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने कहा है कि अगर पीड़िता इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराती है, तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
ASP आदित्य पटले ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही आरोपी महेंद्र दुबे के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत बलात्कार का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है, लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। दूसरी ओर, पीड़िता और उसका परिवार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की अपील कर रहे हैं।
Share this content:
