श्रावस्ती: पति ने पत्नी और तीन बच्चों की गला घोंटकर हत्या की, बाद में खुद फांसी पर झूलकर दी जान
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया। इकौना थाना क्षेत्र के कैलाशपुर स्थित लियाकत पुरवा गांव में एक ही कमरे से पांच लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रोज अली नाम का व्यक्ति रात में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हमेशा की तरह कमरे में सोने गया था। लेकिन सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नज़ारा देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में रोज अली का शव पंखे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव बेड पर पड़े थे।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जब मामले की जांच में जुटी, तो शुरुआती जांच में पता चला कि रोज अली ने पहले पत्नी और बच्चों का गला दबाकर या मुंह पर तकिया रखकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कई दिनों से घरेलू कलह चल रही थी। इसी तनाव के चलते रोज अली ने यह भयावह कदम उठाया।
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और कमरे की बारीकी से जांच की।
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि रोज अली ने पहले परिवार की हत्या की और बाद में खुद आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे श्रावस्ती जिले में सनसनी फैला दी है।
Share this content:
