April 30, 2026

उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति अभियान में बड़ी सफलता, तीन दिन में 12 गुमशुदा मिले परिजनों से

योगी सरकार के निर्देश पर यूपी पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चल रहा मिशन शक्ति 5.0 अभियान लगातार सकारात्मक नतीजे दे रहा है। पिछले तीन दिनों में यूपी पुलिस ने 12 गुमशुदा बच्चों, बालिकाओं और महिलाओं को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया। इनकी वापसी से परिवारों की आंखों में खुशी और पुलिस पर भरोसा दोनों झलकते दिखे।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति के तहत गुमशुदा लोगों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। लखनऊ के जानकीपुरम से मिली 3 साल की बच्ची, बरेली जिले के खेड़ा गांव की 6 वर्षीय बच्ची और बलरामपुर में भटकती हुई बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया। इसी तरह पीलीभीत, अमरोहा और मुरादाबाद में भी कई गुमशुदा बच्चों को बरामद कर परिवारों को सौंपा गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने आत्महत्या की कोशिश कर रही एक महिला को भी बचाया। संतकबीरनगर के धनघटा इलाके में घरेलू विवाद के चलते महिला अपनी बच्ची के साथ पुल पर पहुंच गई थी। बच्ची को छोड़कर नदी में कूदने से पहले ही पुलिस ने उसे रोक लिया और मां-बेटी दोनों को परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया।

बलिया जिले में भी दो नाबालिग लड़कियों को बरामद कर सकुशल घर भेजा गया। बस्ती जिले में रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में घूमती महिला को पहचान कर पुलिस ने परिवार से मिलाया। महराजगंज और मऊ जिलों में भी कुल 5 बच्चियों को खोजकर सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया गया।

यूपी पुलिस का यह त्वरित और मानवीय प्रयास मिशन शक्ति अभियान की सफलता की मिसाल है। लगातार चल रहे ऐसे ऑपरेशनों से गुमशुदा लोगों को घर वापसी मिल रही है और समाज में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!