भारतीय महिला क्रिकेट जगत में इस समय मैदान के बाहर की खबरें भी उतनी ही सुर्खियां बटोर रही हैं जितनी क्रिकेट से जुड़ी हलचलें. टीम इंडिया की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में थीं, जब 23 नवंबर को होने वाली उनकी शादी अचानक पोस्टपोन कर दी गई. इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की कयासबाज़ियां शुरू हो गईं. इसी बीच उनकी करीबी दोस्त और टीम इंडिया की स्पिनर राधा यादव का पलाश मुच्छल को इंस्टाग्राम से अनफॉलो करना भी चर्चा का विषय बन गया. हालांकि इन अफवाहों के बीच राधा यादव के लिए क्रिकेट के मैदान से एक राहत और खुशी भरी खबर सामने आई है।
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राधा यादव पर बड़ा भरोसा जताते हुए उन्हें 65 लाख रुपये में टीम में शामिल कर लिया है. अब तक वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रही थीं, लेकिन इस सीजन RCB की जर्सी पहनकर उतरेंगी. राधा लंबे समय से भारत की स्पिन विभाग का अहम हिस्सा रही हैं और उनकी गेंदबाजी ने कई बार टीम को मैच जिताए हैं. ऐसे में RCB द्वारा उन पर लगाया गया यह दांव टीम की स्पिन स्ट्रेंथ को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि राधा यादव अब उसी टीम के लिए खेलेंगी जिसके कप्तान स्मृति मंधाना हैं. क्रिकेट फैंस के लिए यह देखना बेहद खास होगा कि मैदान के बाहर करीबी दोस्त मानी जाने वाली यह जोड़ी अब मैदान के भीतर भी एकसाथ रणनीति बनाती और मैच जिताने के लिए मेहनत करती दिखाई देगी. ऑक्शन में खिलाड़ी और कप्तान दोनों का एक ही फ्रेंचाइजी में होना RCB के लिए एक मजबूत तालमेल का संकेत माना जा रहा है।
राधा यादव पिछले तीन सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थीं और उनकी लगातार बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन ने उन्हें WPL में एक भरोसेमंद खिलाड़ी की पहचान दी है. RCB ने अपनी टीम के संतुलन को मजबूत करने के लिए स्पिन विभाग में यह बड़ा निवेश किया है. राधा की एक्सपीरियंस और मंधाना की कप्तानी का कॉम्बिनेशन टीम के लिए सीजन में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
WPL 2026 का यह ऑक्शन कई खिलाड़ियों के लिए करियर-टर्निंग पॉइंट साबित हो रहा है, और राधा यादव का RCB से जुड़ना निश्चित रूप से इस सीजन में देखने लायक सबसे रोमांचक बदलावों में से एक है।
Share this content:
