April 19, 2026

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में नहीं दिखेंगी ये तीन टीमें, टूटा बड़ा सपना

भारत में होने वाले आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में हिस्सा लेने का सपना तीन टीमों के लिए अधूरा रह गया है। स्कॉटलैंड, आयरलैंड और थाईलैंड की महिला टीमें टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाईं। महिला वर्ल्ड कप 2025 में कुल दो टीमें क्वालीफायर मुकाबलों के जरिए जगह बनाएंगी। पाकिस्तान की टीम ने प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर रहते हुए वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की टीमें अभी भी क्वालीफाई की रेस में बनी हुई हैं। वहीं स्कॉटलैंड, आयरलैंड और थाईलैंड अब अंक तालिका में टॉप-2 में नहीं पहुंच सकेंगी, जिससे इनका सफर यहीं खत्म हो गया है।

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप क्वालीफायर के आखिरी मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम को आयरलैंड के हाथों एक विकेट से हार झेलनी पड़ी। स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 268 रन बनाए थे। कैथरीन ब्राइस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 131 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि कैथराइन फ्रैसर ने 33 रनों का योगदान दिया। स्कॉटलैंड का स्कोर देखकर ऐसा लग रहा था कि वे मैच जीत जाएंगे और महिला वर्ल्ड कप 2025 में क्वालीफाई कर लेंगे, लेकिन आयरलैंड की बल्लेबाजों ने उनका सपना तोड़ दिया।

आयरलैंड की ओर से साराह फोर्ब्स और गैबी लुइस की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की। साराह ने 53 रन और गैबी ने 61 रन बनाए। इसके बाद लौरा डेलानी ने 57 रनों की पारी खेली और ओर्ला प्रेंडरगैस्ट ने 33 रनों का योगदान दिया। आयरलैंड को आखिरी ओवर में एक विकेट से रोमांचक जीत मिली।

इस मुकाबले के नतीजे के बाद स्कॉटलैंड की टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही और वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई। वहीं आयरलैंड की टीम जीत के बावजूद केवल पांचवें स्थान पर रही और उसके कुल चार अंक रहे। थाईलैंड की टीम फिलहाल अंक तालिका में सबसे नीचे है और उसका सिर्फ एक मुकाबला बाकी है, जो वह 19 अप्रैल को वेस्टइंडीज महिला टीम के खिलाफ खेलेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!